पिलानी-लोहारू रोड़ पर भीषण सड़क हादसा, अनाज से भरे ट्रॉले ने ईंटों से लदे ट्रैक्टर को मारी टक्कर, दो व्यक्ति घायल
पिलानी-लोहारू रोड़ पर भीषण सड़क हादसा, अनाज से भरे ट्रॉले ने ईंटों से लदे ट्रैक्टर को मारी टक्कर, दो व्यक्ति घायल
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : निरंजन सैन
पिलानी : पिलानी-लोहारू एनएच-709 पर शनिवार सुबह करीब 7 बजे पीपली के निकट नेहरा की ढाणी के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में पीछे से आ रहे अनाज से भरे ट्रॉले ने ईंटों से लदे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर ट्रॉले के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गया और दोनों वाहन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद ट्रॉला अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें भरी चने की बोरियां राष्ट्रीय राजमार्ग पर दूर-दूर तक बिखर गईं। इससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और मौके पर जाम जैसी स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद ट्रॉला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे के समय ट्रैक्टर पर दो व्यक्ति सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया। ट्रैक्टर में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तत्काल पिलानी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर मंड्रेला क्षेत्र का बताया जा रहा है, जबकि ट्रॉला चालक लोहारू का निवासी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी आवाज आसपास के गांवों तक सुनाई दी। धमाके की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायलों की मदद करने के साथ-साथ सड़क पर बिखरे चने को निजी लोडरों की सहायता से एकत्रित किया, ताकि यातायात जल्द से जल्द सामान्य हो सके।
सूचना मिलते ही तुरंत प्रभाव से पिलानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई होशियार सिंह, पीपली पुलिस चौकी से एसआई सत्यवीर सिंह तथा हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह शर्मा ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से सड़क पर बिखरे अनाज को हटवाया और यातायात को सुचारू कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे का एक संभावित कारण ट्रॉले का टायर फटना भी हो सकता है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रॉला चालक की तलाश की जा रही है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2290976


