765 केवी बिजली लाइन का विरोध जारी:प्रशासन से दो घंटे चली बातचीत में नहीं बनी सहमति, धरना जारी रखने का ऐलान
765 केवी बिजली लाइन का विरोध जारी:प्रशासन से दो घंटे चली बातचीत में नहीं बनी सहमति, धरना जारी रखने का ऐलान
चिड़ावा : चिड़ावा उपखंड क्षेत्र के बृजलालपुरा गांव में बीकानेर-नीमराणा 765 केवी बिजली लाइन के विरोध में ग्रामीणों का धरना लगातार जारी है। मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच करीब दो घंटे तक वार्ता हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद अधिकारियों को वापस लौटना पड़ा। वहीं, ग्रामीणों ने मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने का ऐलान किया है।
धरनास्थल पर तहसीलदार नारायणराम, गिरदावर बुलेश कुमार, पटवारी अजय सिंह और संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से करीब दो घंटे तक बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन वार्ता बेनतीजा रही।
35 से अधिक खातेदारों के सामने बेघर होने का खतरा: ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी जानबूझकर खसरा नंबर 114, 115 और 116 से बिजली लाइन निकाल रही है। उनका कहना है कि इन खसरा नंबरों में मेघवाल बस्ती के 35 से अधिक खातेदार निवास करते हैं, जिनके पास रहने के लिए कोई वैकल्पिक स्थान नहीं है।
ग्रामीणों के अनुसार, वे जोहड़ की भूमि पर बसे हुए हैं। ऐसे में यदि यहां से बिजली लाइन निकाली जाती है और भविष्य में उन्हें वहां से हटाया जाता है, तो उनके सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो सकता है।
सर्वे रिपोर्ट और मुआवजे की मांग
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने कंपनी प्रतिनिधियों से वर्ष 2023 में किए गए लाइन सर्वे की रिपोर्ट और इस संबंध में समाचार पत्रों में प्रकाशित नोटिस की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही उचित मुआवजा, पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और लाइन बिछाने से पहले सर्वे रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी रखी।
ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी सर्वे रिपोर्ट उपलब्ध कराने से भी बच रही है। उनका कहना है कि जब तक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाते और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
ये रहे मौजूद
धरनार्थियों ने अपनी मांगों को पूरा होने तक लाइन के विरोध में संघर्ष जारी रखने की बात कही है। वार्ता में ग्रामीणों की ओर से जिला परिषद सदस्य पंकज धनखड़, बलवीर काला, एडवोकेट विजय गुरावा, सज्जन लमोरिया, मूलचंद गुरावा, नेमीचंद गुरावा, डॉ. मानसिंह कुमावत और महेंद्र खीचड़ सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद थे। इस मौके पर बजरंग कुमावत, मुंशी गुरावा, नरेश गुरावा, सुभाष बिजारणियां, पवन लमोरिया, विक्रम गुरावा, बसेसरलाल बिजारणियां, महेश गुरावा, संदीप गुरावा, महेंद्र कुमावत, राजेश गुरावा, नरेश गुरावा, विकास लमोरिया, पवन गुरावा, प्रदीप कुमावत, विजेंद्र कुमावत, चरणसिंह लमोरिया, हवासिंह लमोरिया, मानसिंह गुरावा सहित अन्य ग्रामीण भी उपस्थित थे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2284974


