[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

यमुना जल समझौता शेखावाटी के लिए नई उम्मीद: डॉ. सतीश पूनियां


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चिड़ावाझुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

यमुना जल समझौता शेखावाटी के लिए नई उम्मीद: डॉ. सतीश पूनियां

'एक कदम विकास की ओर' कार्यक्रम में विकास, शिक्षा, रोजगार और जल संकट पर मंथन

चिड़ावा : शेखावाटी की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में हुए यमुना जल समझौते को ऐतिहासिक बताते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि यह केवल एक एमओए (समझौता ज्ञापन) नहीं, बल्कि शेखावाटी के भविष्य की नई इबारत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर हाल में यमुना का पानी झुंझुनूं, सीकर और चूरू तक पहुंचेगा।

चिड़ावा में आयोजित विशेष जनसंवाद कार्यक्रम ‘एक कदम विकास की ओर’ में विकास, जल संकट, शिक्षा, रोजगार और जनसेवा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के मंत्री जोराराम कुमावत, राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट एमडी चोपदार, डॉ. मनीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, उद्योगपति, चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यमुना समझौता पूरे देश के लिए बनेगा मिसाल

डॉ. पूनियां ने कहा कि तीन दशक से लंबित इस विषय का समाधान राजनीतिक इच्छाशक्ति और केंद्र सरकार की पहल से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा और राजस्थान के बीच हुआ यह समझौता भविष्य में अन्य राज्यों के जल विवादों के समाधान का भी मॉडल बनेगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत 300 किलोमीटर से अधिक लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी और सभी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी कर समयबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।

पानी से बदलेगी शेखावाटी की तस्वीर

राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि पानी की कमी शेखावाटी की सबसे बड़ी समस्या रही है। वर्ष 1994 से लंबित इस परियोजना को अब नया जीवन मिला है। उन्होंने कहा कि पानी आने से क्षेत्र में उद्योग, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

डबल इंजन सरकार ने बढ़ाए विकास के कदम

कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि यमुना जल परियोजना पूरी होने के बाद शेखावाटी को स्थायी पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे कृषि और उद्योग दोनों को लाभ मिलेगा।

घोषणाओं से आगे बढ़े परियोजना : चोपदार

कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट एमडी चोपदार ने कहा कि जनता वर्षों से पानी का इंतजार कर रही है। अब आवश्यक है कि परियोजना तेजी से धरातल पर उतरे। उन्होंने क्षेत्र में बड़े उद्योग स्थापित करने की भी आवश्यकता बताई ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा, खेल, प्रशासन, स्वच्छता, चिकित्सा, पर्यावरण और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 15 से अधिक व्यक्तित्वों तथा कई संस्थाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में समाजसेवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, खिलाड़ियों, पुलिसकर्मियों, नगर निकायों और शैक्षणिक संस्थानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

विकास के मुद्दों पर हुआ व्यापक संवाद

करीब दो घंटे तक चले कार्यक्रम में पानी, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि शेखावाटी के समग्र विकास के लिए सरकार, समाज, प्रशासन और मीडिया की साझी भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास के लिए सार्थक पहल बताया।

Related Articles