[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

5 वर्षीय भावेश के लापता होने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़नीमकाथानाराजस्थानराज्यसीकर

5 वर्षीय भावेश के लापता होने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

उपखंड कार्यालय के बाहर धरना, सड़क जाम कर जताया विरोध; 7 दिन में सुराग नहीं मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : अशोक सिंह शेखावत

नीमकाथाना : सीकर जिले के नीमकाथाना क्षेत्र के निमोद स्थित हिंगलाज माता मंदिर से लापता हुए 5 वर्षीय भावेश का 14 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश है। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपखंड कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

धरने के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काफी देर तक धरना चलने के बाद आक्रोशित ग्रामीण उपखंड कार्यालय परिसर में प्रवेश कर गए और हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दी। सड़क जाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी राजवीर यादव और पुलिस उपाधीक्षक सुशील मान मौके पर पहुंचे। बाद में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में त्वरित कार्रवाई और बालक की तलाश में तेजी लाने की मांग की।

प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई और हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आगामी सात दिनों में भावेश का पता नहीं लगाया गया तो 3 जुलाई को बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

पूर्व बुनकर संघ अध्यक्ष राधेश्याम सिंह तंवर ने बताया कि 14 दिन बीत जाने के बावजूद बालक का कोई सुराग नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने प्रशासन के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें घटना वाले दिन मंदिर परिसर में पहुंचे दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और जांच, मंदिर पुजारी से गहन पूछताछ तथा आसपास के क्षेत्र की मोबाइल लोकेशन की जांच शामिल है।

वहीं पूर्व विधायक रमेश खंडेलवाल ने कहा कि प्रशासन और प्रतिनिधिमंडल के बीच सकारात्मक वार्ता हुई है तथा अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही भावेश का पता नहीं चलता है तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।

उपखंड अधिकारी राजवीर यादव ने बताया कि पुलिस प्रशासन की ओर से बालक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 14 दिन पहले भावेश अपने परिजनों के साथ निमोद स्थित पहाड़ी पर बने हिंगलाज माता मंदिर में दर्शन के लिए गया था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। उसकी तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग और ग्रामीण लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शन में पूर्व विधायक रमेश खंडेलवाल, भूपेंद्र सिंह, सुरेश मीणा, सरपंच शेरसिंह, डॉ. शिवराज सिंह, दुर्गा सिंह, भूपेंद्र सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

यहां देखें घटना से जुड़ी PHOTOS..

आक्रोशित महिलाएं एसडीएम के चेंबर तक पहुंच गईं।
आक्रोशित महिलाएं एसडीएम के चेंबर तक पहुंच गईं।
चेंबर में महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की।
एसडीएम ऑफिस के गेट पर चढ़कर ग्रामीणों ने नारेबाजी की।
एसडीएम ऑफिस के गेट पर चढ़कर ग्रामीणों ने नारेबाजी की।
नीमकाथाना-कोटपूतली रोड़ पर ग्रामीणों ने घरना लगा दिया।
नीमकाथाना-कोटपूतली रोड़ पर ग्रामीणों ने घरना लगा दिया।

Related Articles