टमकोर में आबादी के बीच बना अवैध कचरा डंपिंग यार्ड, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
टमकोर में आबादी के बीच बना अवैध कचरा डंपिंग यार्ड, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
टमकोर : ग्राम पंचायत टमकोर के वार्ड संख्या 03 में सघन आबादी के बीच अवैध रूप से कचरा डंप किए जाने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर स्थायी समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार ऐतिहासिक गणगौर कुएं की गूण, पांच गांवों को जोड़ने वाले मुख्य सार्वजनिक मार्ग तथा आसपास स्थित निजी भूमि पर लंबे समय से मृत पशुओं के अवशेष, घरेलू कचरा, सड़ी-गली सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट डाले जा रहे हैं। इसके कारण उक्त स्थान अवैध कचरा डंपिंग यार्ड में तब्दील हो गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि दुर्गंध और गंदगी के कारण आसपास रहना मुश्किल हो गया है तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में 8 जून को जिला प्रशासन को शिकायत दी गई थी। शिकायत में कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा भविष्य में कचरा डालने पर रोक लगाने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की गई थी। आरोप है कि इसके बाद स्थानीय स्तर पर केवल औपचारिक कार्रवाई करते हुए जेसीबी से कचरे को इधर-उधर कर मिट्टी से ढक दिया गया, जबकि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

हाल ही में हुई बारिश के बाद कचरा और अपशिष्ट बहकर मुख्य मार्ग पर फैल गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार स्थानीय प्रशासन, सरपंच प्रशासक एवं ग्राम विकास अधिकारी को अवगत कराने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने जिला प्रशासन से स्वतंत्र जांच दल भेजकर मौके का निरीक्षण कराने, समस्त कचरे का स्थायी निस्तारण करवाने, अवैध रूप से कचरा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में रोग फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2216490


