फतेहपुर नगर परिषद की अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई
सड़कों पर फैला सामान एवं ठेले-फड़ हटाए, प्लास्टिक थैलियां जब्त, दोबारा अतिक्रमण पर कार्रवाई की चेतावनी
फतेहपुर : फतेहपुर शेखावाटी नगर परिषद द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से गुरुवार को व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर परिषद आयुक्त अनिता खिचड़ के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दुकानों के बाहर फैला सामान, ठेले एवं फड़ हटाए तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक थैलियां जब्त कीं।
नगर परिषद आयुक्त अनिता खीचड़ के निर्देशन में एसआई कैलाश सोनी, एईएन कृष्ण कुमार, जेईएन रामगोपाल एवं अतिक्रमण दल की टीम ने सिकरिया चौराहा, सब्जी मंडी, संकरी गली, आशाराम मंदिर क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर अभियान संचालित किया। अभियान के दौरान सार्वजनिक सड़कों एवं मार्गों पर अवैध रूप से रखे गए ठेले, फड़ तथा दुकानों के बाहर फैला सामान हटाकर जब्त किया गया। साथ ही राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कई प्रतिष्ठानों से प्लास्टिक थैलियां भी जब्त की गईं।
आयुक्त अनिता खिचड़ ने बताया कि नगर परिषद द्वारा शहर को व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने व्यापारियों एवं दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापारिक गतिविधियों का संचालन करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा, सुगम यातायात व्यवस्था तथा शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों अथवा प्रतिष्ठानों द्वारा दोबारा अतिक्रमण किया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अभियान के दौरान कुछ स्थानों पर दुकानदारों द्वारा आपत्ति भी दर्ज कराई गई, लेकिन नगर परिषद टीम ने नियमों के अनुरूप कार्रवाई जारी रखी।
नगर परिषद प्रशासन ने आमजन एवं व्यापारियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। प्रशासन ने बताया कि अतिक्रमण हटाने एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध कार्रवाई का यह अभियान आगामी दिनों में भी नियमित रूप से जारी रहेगा, जिससे शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2206254


