पदेवा में शहीद विजेंद्र कुमार तेतरवाल की प्रतिमा का अनावरण, प्रथम शहादत दिवस पर उमड़ा जनसैलाब
पदेवा में शहीद विजेंद्र कुमार तेतरवाल की प्रतिमा का अनावरण, प्रथम शहादत दिवस पर उमड़ा जनसैलाब
बबाई : निकटवर्ती गांव पदेवा में शुक्रवार को बीएसएफ के शहीद जवान विजेंद्र कुमार तेतरवाल के प्रथम शहादत दिवस पर श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहीद विजेंद्र कुमार की प्रतिमा का अनावरण किया गया तथा श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, सैनिक परिवारों और वीरांगनाओं ने भाग लेकर शहीद के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया।
कार्यक्रम संयोजक चरणसिंह तेतरवाल एवं कैप्टन रामनिवास ताखर ने बताया कि शहीद विजेंद्र कुमार तेतरवाल सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 125वीं बटालियन में तैनात थे। 5 जून 2025 को जम्मू के सांबा क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान उनका निधन हो गया था। उनके बलिदान और राष्ट्रसेवा को चिरस्थायी स्मृति देने के उद्देश्य से गांव में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है।
अनावरण समारोह की अध्यक्षता दलेलपुरा पंचायत प्रशासक झींमा देवी ने की, जबकि राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में खेतड़ी विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, शहीद की वीरांगना सजना देवी, माताजी दाखां देवी, सीआरपीएफ इंस्पेक्टर पुष्पा देवी एवं विनोद कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने शहीद विजेंद्र कुमार के जीवन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा को याद करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिक सदैव समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने रहते हैं। वक्ताओं ने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
वीरांगनाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान शहीद की वीरांगना सजना देवी, माताजी दाखां देवी तथा वीरांगना कविता सामोता सहित क्षेत्र की दर्जनों वीरांगनाओं का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने वीरांगनाओं के त्याग और धैर्य को नमन करते हुए उन्हें समाज की प्रेरणादायी शक्ति बताया।
विकास कार्यों की हुई घोषणाएं
श्रद्धांजलि सभा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने गांव के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। पंचायत की ओर से शहीद के मकान के सामने स्थित चौक पर पूरी छत निर्माण एवं इंटरलॉकिंग करवाने की घोषणा की गई। वहीं विधायक कोष से बारावाली तक सड़क निर्माण कराने की घोषणा की गई। खेतड़ी विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर ने महिला आजीविका संस्था के लिए मीटिंग हॉल बनवाने की घोषणा कर ग्रामीणों को सौगात दी।
शहीद परिवार के प्रति जताया सम्मान
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और ग्रामीणों ने शहीद के पुत्र अनीष तथा पुत्रियों गुंजन और दिया से मुलाकात कर परिवार के प्रति संवेदना एवं सम्मान व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने कहा कि पूरा क्षेत्र शहीद परिवार के साथ खड़ा है और उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर वीरांगना कविता सामोता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामवतार बड़सरा, बीएसएफ इंस्पेक्टर मुकेश जांगिड़, पूर्व उपप्रधान मदनलाल भावरिया, महेंद्र कुमार शर्मा, विजय सिंह शेखावत, विजय मीणा, रोहिताश गुर्जर, यश कुमार गुर्जर, रामनिवास गुर्जर, मूलचंद सैनी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में शहीद विजेंद्र कुमार तेतरवाल को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके बताए राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। गांव पदेवा में आयोजित यह कार्यक्रम शहीद के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2198877

