श्रीमाधोपुर में किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली:ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का किया विरोध, सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
श्रीमाधोपुर में किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली:ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का किया विरोध, सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत
श्रीमाधोपुर : श्रीमाधोपुर में बुधवार दोपहर कोटपूतली-किशनगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के विरोध में किसानों ने बड़ा प्रदर्शन किया। किसान महापंचायत के बैनर तले क्षेत्रभर से जुटे सैकड़ों किसानों ने मानपुरिया ओवरब्रिज से उपखंड कार्यालय तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी ट्रैक्टर रैली निकाली। रैली के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
एक्सप्रेस-वे परियोजना को रद्द करने की मांग
रैली से पहले एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों ने नारेबाजी करते हुए एक्सप्रेस-वे परियोजना को रद्द करने की मांग की। किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट की मौजूदगी में 50 से अधिक ट्रैक्टरों का काफिला शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा। इस दौरान किसानों ने बैनर लेकर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
किसानों का कहना है कि प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से बड़ी मात्रा में उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण होगा, जिससे हजारों किसान परिवार प्रभावित होंगे। उनका आरोप है कि परियोजना का वर्तमान प्रस्ताव किसानों के हितों के विपरीत है और इससे कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचेगा।
उपखंड कार्यालय पहुंचने पर किसानों ने एसडीएम अनिल कुमार को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने एक्सप्रेस-वे से होने वाले संभावित नुकसान गिनाते हुए बताया कि इससे कृषि भूमि, सिंचाई व्यवस्था, पशुपालन और ग्रामीण आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। किसानों ने सरकार से परियोजना के वर्तमान स्वरूप को रद्द कर वैकल्पिक मार्ग तलाशने की मांग की।
किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर किसानों की उपजाऊ जमीन का नुकसान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से किसानों की भावनाओं और हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की अपील की।
बड़ी संख्या में पहुंचे किसान
इस प्रदर्शन के दौरान किसान महापंचायत के प्रदेश अध्यक्ष मुसद्दीलाल यादव, प्रदेश महामंत्री सुंदरलाल भावरिया, तहसील अध्यक्ष सीताराम यादव, रैली संयोजक बाबूलाल जाखड़, प्रभारी ज्ञानचंद मीणा, प्रदेश मंत्री बत्तीलाल बैरवा, जिलाध्यक्ष बलदेव यादव सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों के किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। रैली को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था भी की थी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2208433


