गरीब किसान की झोपड़ी में लगी भीषण आग; ₹2 लाख नकदी, जेवरात व गृहस्थी का सामान जलकर हुआ राख
आग की लपटों में विलीन हुई वर्षों की जमा-पूंजी, बकरियां बेचकर और लोन से जुटाए ₹2 लाख जले, सदमे में सैनी परिवार
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : कैलाश बबेरवाल
उदयपुरवाटी : गुढ़ागौड़जी तहसील के गुढ़ा बावनी पंचायत क्षेत्र स्थित बाड्या नाला के पास सोमवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहाँ करीब 10 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक गरीब किसान की झोपड़ी में भीषण आग लग गई। इस हादसे में मजदूरी कर परिवार का पेट पालने वाले नरसी सैनी का पूरा आशियाना और वर्षों की जमा-पूंजी पल भर में जलकर राख हो गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नरसी सैनी अपने परिवार में पत्नी, दो पुत्रियां और एक पुत्र के साथ झोपड़ी में रहते हैं। गर्मी के कारण सोमवार रात पूरा परिवार बाहर सोया हुआ था। इसी दौरान बड़ी पुत्री ने घर से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। उसने तुरंत शोर मचाकर पिता को जगाया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एक बच्चा उसकी चपेट में आने ही वाला था, लेकिन पिता ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे ऐन वक्त पर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ नष्ट हो चुका था।

राख हो गए ₹2 लाख और सोने-चांदी के जेवरात
पीड़ित नरसी सैनी ने रुंधे गले से बताया कि घर में रखा अनाज, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और सोने-चांदी के जेवरात पूरी तरह जल गए हैं। सबसे बड़ा झटका आर्थिक रूप से लगा है; दो दिन पहले ही पांच बकरियां बेचकर मिले 1 लाख व भैंस खरीदने के लिए समूह ऋण से लिए गए ₹1 लाख की नकदी भी झोपड़ी के साथ ही स्वाहा हो गई।
घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, मुआवजे की मांग
घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे और कंगाली की कगार पर है। ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी त्रासदी के बाद भी प्रशासन का कोई भी अधिकारी या पटवारी मौके पर सुध लेने नहीं पहुंचा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तुरंत रहने की वैकल्पिक व्यवस्था और उचित आर्थिक मुआवजा देने की पुरजोर मांग की है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2178136

