घांघू के ट्यूबवेल हस्तांतरण पर टकराव
बिजली कनेक्शन कटा, अगूणा मोहल्ले में पेयजल संकट; होली-रमजान में ग्रामीण परेशान
जनमानस शेखावाटी सवंददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : जिले के निकटवर्ती गांव घांघू के अगूणा मोहल्ला में इन दिनों पेयजल आपूर्ति ठप होने से हालात चिंताजनक बने हुए हैं। होली और रमजान के महीने में ग्रामीणों को पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। मोहल्ले में संचालित ट्यूबवेल का बिजली कनेक्शन बकाया बिल के कारण डिस्कॉम द्वारा काटे जाने से जलापूर्ति बाधित हो गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि राज्य सरकार के आदेश के तहत वर्ष 2022 में ग्राम पंचायत द्वारा ट्यूबवेल जलदाय विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया था, इसके बावजूद विभाग जिम्मेदारी लेने से बच रहा है। संबंधित बिजली कनेक्शन (खाता संख्या 2433 0150) के संबंध में ग्राम पंचायत, जलदाय विभाग और विद्युत निगम के बीच पत्राचार भी हो चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि बिल जलदाय विभाग के नाम से जारी हो रहा है, ऐसे में भुगतान कर कनेक्शन बहाल करवाना भी उसी विभाग की जिम्मेदारी बनती है।
तीन वार्डों में पानी का संकट
वार्ड 5, 6 और 7 के घरों में पानी का इंतजाम बड़ी चुनौती बन गया है। रोजेदारों को सेहरी और इफ्तार के समय पानी जुटाने में भारी परेशानी हो रही है। खाना बनाने, साफ-सफाई और पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है। कई परिवार दूर-दराज से पानी ढोने को मजबूर हैं, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि फरवरी-मार्च में यदि यह स्थिति है तो मई-जून की तपती गर्मी में हालात और विकराल हो सकते हैं। उनका आरोप है कि जलदाय विभाग पंचायत पर जिम्मेदारी डालकर जिला प्रशासन और आमजन को गुमराह कर रहा है, जबकि अन्य कुओं के बिजली बिल जलदाय विभाग ही जमा कर रहा है।
वैकल्पिक व्यवस्था भी ठप
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के एक-दो अन्य कुएं भी खराब पड़े हैं, जिससे जलापूर्ति में और बाधा आ रही है। उनका कहना है कि जलदाय विभाग चाहे तो अस्थायी तौर पर अन्य कुओं से लाइन जोड़कर या गांव की ‘आपणी योजना’ की टंकी से पानी सप्लाई शुरू कर सकता है, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो रही।
पंचायत ने झाड़ा पल्ला
इधर ग्राम पंचायत घांघू की प्रशासक विमला देवी का कहना है कि पंचायत के नाम से कोई बिजली बिल बकाया नहीं है। राज्य सरकार के आदेश पर पूरे प्रदेश के ट्यूबवेल जलदाय विभाग को हस्तांतरित किए गए थे और इस कूप का बिल भी विभाग के नाम से जारी है। ऐसे में भुगतान कर कनेक्शन बहाल करवाना जलदाय विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने लंबित बिल का तत्काल भुगतान कर कनेक्शन बहाल करने तथा नियमित जलापूर्ति शुरू करने की मांग की है। रमजान और होली जैसे पर्व के दौरान पानी की किल्लत ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है और अब सभी की नजर जिम्मेदार विभाग की त्वरित कार्रवाई पर टिकी है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2045452


