[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने दिए सख्त निर्देश


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने दिए सख्त निर्देश

चूरू 311 ऐप, जनगणना, संपर्क पोर्टल व फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति पर जोर

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : मोहम्मद अली पठान

चूरू : जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने डीओआईटी वीसी सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में चूरू 311 ऐप, जनगणना, संपर्क पोर्टल, फ्लैगशिप योजनाओं, विभागीय कार्यक्रमों एवं आवश्यक सेवाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कहा कि चूरू जिले के लिए विकसित चूरू 311 ऐप पर एम-चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी नगर निकाय अधिकारी अपनी टीम को ऐप के उपयोग का समुचित प्रशिक्षण दें तथा नियमित मॉनिटरिंग करें। जिला स्तर पर इसकी साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को हाईटेंशन लाइनों से जुड़े आरओडब्ल्यू प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरओडब्ल्यू प्रकरण शासन-प्रशासन की प्राथमिकता में हैं, अतः इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जनगणना की तैयारियों पर विशेष जोर

जनगणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सुराणा ने कहा कि सभी चार्ज जनगणना अधिकारी अपने दायित्वों को स्पष्ट रूप से समझें। जनगणना के प्रत्येक चरण में होने वाले कार्यों के लिए मशीनरी को प्रशिक्षण दिया जाए और सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं।

बरसात से पहले नालों की सफाई के निर्देश

उन्होंने सभी नगर निकाय अधिकारियों को बरसात से पहले शहरी क्षेत्रों के नालों की सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही उपखंड अधिकारियों को अपने क्षेत्र में पानी भराव की संभावित स्थितियों की समीक्षा कर आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा।

पीएमश्री स्कूलों की रैंकिंग पर फोकस

पीएमश्री स्कूलों की रैंकिंग की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि प्रभारी अधिकारी निर्धारित पैरामीटर के अनुसार नियमित मॉनिटरिंग करें। शिक्षा अधिकारी शैक्षिक उन्नयन के लिए पीएमश्री स्कूलों के मापदंडों पर विशेष ध्यान दें।

मतदाता सूची व एसआईआर-2026

एसआईआर-2026 को लेकर उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के लिए सभी ईआरओ समयबद्ध रूप से आवश्यक गतिविधियां पूर्ण करें।

आवश्यक सेवाओं की समीक्षा

बिजली, पानी, चिकित्सा सहित आवश्यक सेवाओं की समीक्षा करते हुए सुराणा ने कहा कि आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलनी चाहिए। किसी भी शिकायत पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

पीएम सूर्यघर योजना को मिले गति

डिस्कॉम अधिकारियों को पीएम सूर्यघर योजना के तहत अधिक से अधिक आवेदन करवाने और सोलर संयंत्र स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वेंडरों के सहयोग से आमजन को प्रेरित करने तथा आवेदन व इंस्टॉलेशन के बीच के गैप को कम करने पर जोर दिया।

संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों पर सख्ती

संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने 15 दिन से अधिक लंबित व असंतोष वाले मामलों में प्रकरणवार चर्चा कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा

उन्होंने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पालनहार योजना, एमजेएसए 2.1 व 2.2, स्वामित्व योजना, कालीबाई भील स्कूटी योजना, डीएमएफटी कार्य, मानसून से क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत, अटल ज्ञान केंद्र, पीएम कृषि सिंचाई योजना, फार्म पॉण्ड, तारबंदी, राज उन्नति, कस्टम हायरिंग सेंटर, गोदाम निर्माण, कौशल विकास कार्यक्रम, राजस्व प्रकरण व आईईसी गतिविधियों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एडीएम अर्पिता सोनी, सीईओ श्वेता कोचर, एसीईओ भागचंद खारिया सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीसी के माध्यम से सभी उपखंडों के अधिकारी बैठक से जुड़े।

Related Articles