जसरापुर क्षेत्र में बढ़ी कड़ाके की ठंड, जमीन पर पाला जमा: मावठ के बाद तापमान 6 डिग्री तक गिरा
जसरापुर क्षेत्र में बढ़ी कड़ाके की ठंड, जमीन पर पाला जमा: मावठ के बाद तापमान 6 डिग्री तक गिरा
जनमानस शेखावाटी संवाददाता : विजेन्द्र शर्मा
खेतड़ी : खेतड़ी उपखंड क्षेत्र में बीती रात हुई मावठ के बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला है। मावठ के प्रभाव से जसरापुर क्षेत्र में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। ढाणी बाढ़ान, देवता, मानोता जाटान, लोयल सहित आसपास के गांवों में शनिवार सुबह ठंडी हवाओं के बीच खेतों, खुले मैदानों और सड़कों के किनारे जमीन पर पाला जमा हुआ नजर आया। जमीन पर जमी सफेद परत ने पूरे इलाके में कड़ाके की ठंड का अहसास करा दिया।
ग्रामीण पंकज शेखावत सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सुबह के समय खेतों में पाले की मोटी परत साफ दिखाई दे रही थी। ठंडी हवाओं के साथ बढ़ी नमी के कारण पाले की स्थिति बनी, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। कई गांवों में लोग सुबह-सुबह अलाव तापते नजर आए, वहीं बुजुर्गों और छोटे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।मौसम विभाग द्वारा पहले ही मावठ के बाद तापमान में गिरावट की चेतावनी जारी की गई थी। इसके अनुरूप क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है। मौसम जानकारों का कहना है कि अगले एक-दो दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा।
किसानों ने बताया कि पाले के कारण रबी की फसलों पर खतरा मंडराने लगा है। विशेषकर सरसों, चना और सब्जी की फसलों पर पाले का प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि पाला लगातार बना रहा तो फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए हल्की सिंचाई, धुआं करने और अन्य आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी है।मावठ के बाद बढ़ी सर्दी से ग्रामीण इलाकों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है। सुबह और देर शाम ठंड का असर अधिक बना हुआ है, जिससे लोग घरों में ही रहने को मजबूर नजर आए। वहीं चिकित्सा विभाग ने आमजन से सतर्क रहने, गर्म कपड़ों का उपयोग करने, बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। फिलहाल आसमान साफ है और दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिली है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2058140


