नीमकाथाना जिला अध्यक्ष पद के लिए प्रक्रिया शुरू:पूर्व मंत्री पांसे ने कार्यकर्ताओं से ली राय, युवा को मिल सकती है जिम्मेदारी
नीमकाथाना जिला अध्यक्ष पद के लिए प्रक्रिया शुरू:पूर्व मंत्री पांसे ने कार्यकर्ताओं से ली राय, युवा को मिल सकती है जिम्मेदारी

नीमकाथाना : एआईसीसी के आह्वान पर चल रहे संगठन सर्जन अभियान और कांग्रेस जिला अध्यक्ष के चुनाव को लेकर शनिवार को मध्य प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी सुखदेव पांसे नीमकाथाना दौरे पर रहे। उन्होंने इस दौरान जिला अध्यक्ष की नियुक्ति प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की। पांसे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संगठन की मजबूती के लिए जिला अध्यक्ष पद हेतु आवेदन आमंत्रित किए। इसके बाद उन्होंने बंद कमरे में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से रायशुमारी भी की। पांसे ने बताया कि राहुल गांधी के निर्देश पर पूरे देश में संगठन सर्जन अभियान चल रहा है। इसी अभियान के तहत उन्हें सीकर और नीमकाथाना जिलों का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नीमकाथाना का जिला का दर्जा रद्द करने का मुद्दा उठाया
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पांसे ने कहा- कांग्रेस सरकार ने सीकर को संभाग और नीमकाथाना को जिले का दर्जा दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने नीमकाथाना से जिले का दर्जा छीनकर यहां की जनता के साथ अन्याय किया। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस ने नीमकाथाना को जिला माना है और आगामी कांग्रेस सरकार बनने पर इसे पुनः जिले का दर्जा दिया जाएगा।
‘सभी वर्गों के लोगों को संगठन में मौका मिले’
पांसे ने कहा कि कांग्रेस का निर्देश है कि सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व मिले- अल्पसंख्यक, युवा, महिला, ओबीसी, एससी और एसटी-ताकि समन्वय और सामंजस्य के साथ संगठन मजबूत हो। रायशुमारी के लिए वे प्रत्येक ब्लॉक में जाकर व्यक्तिगत मुलाकातें और सार्वजनिक बैठकें कर रहे हैं। सभी राय उच्च नेतृत्व तक पहुंचाई जाएगी।
भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
राजस्थान की भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए पांसे ने कहा कि यहां जनता की नहीं, बल्कि ब्यूरोक्रेसी की सरकार है। जनप्रतिनिधियों की कोई सुनवाई नहीं होती, चाहे वे सत्तापक्ष के हों या विपक्ष के। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार चरम पर है- लाइनमैन से लेकर तहसीलदार और एसडीएम तक रेट तय हैं, बिना पैसे किसी का काम नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पेयजल व्यवस्था की थी, लेकिन भाजपा सरकार ने वह काम भी रोक दिया। कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और जनता डमी मुख्यमंत्री से त्रस्त है, जो केवल समय काट रहा है।
इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश महासचिव विशाल जांगिड़, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव पी.एल. प्रजापति, जिला अध्यक्ष सुनीता गठाला, नीमकाथाना विधायक, श्रीमाधोपुर के पूर्व विधायक दीपेंद्र सिंह शेखावत, खंडेला के पूर्व विधायक महादेव सिंह खंडेला सहित कई नेता उपस्थित रहे।