दिवंगत सहयोगी की याद में कर्मचारियों की अनूठी पहल:बचाएंगे अनमोल ज़िंदगी,कर्मचारी संघ ने उठाया बीड़ा, ‘रिफ्लेक्टर’ से रात के अंधेरे में मिलेगी सुरक्षा की रोशनी
दिवंगत सहयोगी की याद में कर्मचारियों की अनूठी पहल:बचाएंगे अनमोल ज़िंदगी,कर्मचारी संघ ने उठाया बीड़ा, 'रिफ्लेक्टर' से रात के अंधेरे में मिलेगी सुरक्षा की रोशनी

झुंझुनूं : राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी संघ कि ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की। गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर स्वर्गीय योगेश झाझड़िया की द्वितीय पुण्यतिथि पर सड़क सुरक्षा अभियान के तहत वाहन रिफ्लेक्टर अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष तेजपाल, राजस्थान राज्य मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र फौजी और कार्यालय अधीक्षक राकेश पूनिया ने किया। योगेश झाझड़िया कलेक्ट्रेट के कर्मचारी थे। उनकी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उनकी याद में कर्मचारियों की ओर से यह अभियान चलाया का रहा है।
अभियान का शुभारंभ गुड़ा मोड़ से जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, विधायक राजेंद्र भांबू, पूर्व सांसद नरेंद्र खीचड़ और पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में इस तरह की छोटी-छोटी पहलें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
अलग-अलग टीमों ने किया कार्य
अभियान के दौरान कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें बनाई गईं। इन टीमों ने गुड़ा मोड़, अग्रसेन सर्किल, पीपली चौराहा, मंडावा मोड़, रिको, पंचदेव मंदिर चौराहा और मोड़ा पहाड़ जैसे प्रमुख स्थानों पर जाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर, रेहड़ी और अन्य वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर लगाए। साथ ही वाहन चालकों और आमजन को समझाया गया कि यदि वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर नहीं लगे होंगे, तो रात के समय दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए हर वाहन मालिक को अपने वाहन पर रिफ्लेक्टर अवश्य लगवाने चाहिए।
कलेक्टर ने दी जागरूकता बढ़ाने की सलाह
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने इस मौके पर कहा, “रिफ्लेक्टर अभियान सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय शुरुआत है। लोगों को यह समझना होगा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना केवल प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। रिफ्लेक्टर लगवाना और रात में साफ दिखाई देने वाले पेंट का उपयोग करवाना बेहद जरूरी है। प्रशासन की ओर से इसके लिए परीक्षण कर आदेश जारी किए जाएंगे ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि प्रत्येक वाहन पर रिफ्लेक्टर पेंट और स्टिकर लगे हों।”
विधायक ने किया सराहना
विधायक राजेंद्र भांबू ने भी अभियान को सराहा और कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने के लिए इस तरह के प्रयासों को लगातार जारी रखना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने स्तर पर भी इस अभियान को आगे बढ़ाएं और अपने गांव-ढाणी में लोगों को जागरूक करें।
श्रद्धांजलि और सामाजिक जिम्मेदारी
अभियान को स्वर्गीय योगेश झाझड़िया की पुण्यतिथि से जोड़कर चलाया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला। झाझड़िया के सहयोगियों और परिजनों ने कहा कि यह पहल उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, क्योंकि यह अभियान न केवल लोगों को जागरूक करेगा बल्कि अनेक जीवन बचाने में भी सहायक सिद्ध होगा।
सभी कर्मचारी जुड़े अभियान से
रिफ्लेक्टर अभियान में बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर उप निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता पवन पूनिया, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु, मुकेश पातुसरी, प्रदीप चाहर, अरविंद, अनिल, अकरम, आलम शेर, आयुष, विक्रम, कर्मवीर खीचड़, प्रदीप, सुनील, विनोद झाझड़िया, ओमप्रकाश मीणा, कुलदीप थौरी, शशिकांत, पवन, हरीश सहित नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक और सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।इसके अलावा योगेश भाकर, सुमित, कपिल झाझड़िया, विक्की भीमसरिया, पंकज सोनी, दीपक शहबाज, कपिल तेतरवाल, अमित पूनिया और अन्य कर्मचारियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।