मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीकर के मंडावर गांव में किया पौधारोपण
हरियालो राजस्थान और 16 वें वन महोत्सव के तहत किया पौधारोपण, आमसभा को क्या संबोधित

जनमानस शेखावाटी सवंददाता : नैना शेखावत
सीकर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज सीकर के मंडावर गांव आए। जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा, विधायक सुभाष मील, विधायक गोवर्धन वर्मा, पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज बाटड़, सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर, पूर्व मंत्री सुभाष महरिया, पूर्व विधायक रतन जलधारी सहित भाजपा के पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंच से कार्यक्रम में आए लोगों का अभिनंदन किया। इसके बाद झालावाड़ में हुए स्कूल हादसे पर 2 मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई।
सीएम शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए आमजन से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो पर्यावरण संरक्षण के लिए अलग अलख जगाई और एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधा रोपण कार्यक्रम शुरू किया है। उसमें हम सब बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और देश और प्रदेश को आगे बढ़ाए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 3 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य था लेकिन राजस्थान ने 7 करोड़ से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी अहम भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जो वादा किया उसे पूरा किया है। कांग्रेस वालों ने हमेशा कहा कि कुछ नहीं किया। हमने अपना पानी लाने का जो वादा किया था उसे पूरा किया। उन्होंने कल्याणकारी योजना का लाभ उठाने का भी आह्वान किया और उन्होंने यह कहा कि कांग्रेस के लोग झूठे वादे करते हैं लेकिन हमारे नेता और पदाधिकारी जनता के बीच रहते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण, बेरोजगारों के लिए रोजगार, युवाओं के लिए शिक्षा और बालिकाओं एवं महिलाओ के लिए अनेकों योजनाएं शुरू की है। उन्होंने आमजन से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर राजस्थान के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया। समारोह में वन मंत्री संजय शर्मा ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण का आह्वान किया। सभा में हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।