किसानों का स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रदर्शन:सुलताना और चनाना में डिस्कॉम कार्यालय पर धरना, यमुना नहर की भी मांग
किसानों का स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रदर्शन:सुलताना और चनाना में डिस्कॉम कार्यालय पर धरना, यमुना नहर की भी मांग

चिड़ावा : चिड़ावा में अखिल भारतीय किसान महा सभा ने सुलताना और चनाना के सहायक अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। दोनों जगह बिजली अधिकारियों को सरकार की नीतियों के खिलाफ स्मार्ट मीटर वापसी की मांग और यमुना नहर जल्द लाने की मांग का ज्ञापन भी दिया गया। किसान स्मार्ट मीटर और किसान विरोधी नीतियों का विरोध कर रहे हैं। सुलताना में चिड़ावा प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार (टोनी) के नेतृत्व में धरना दिया गया। पूर्व प्रधान व सरपंच रामनिवास बाजला ने धरने की अध्यक्षता की। सुरेश माहला, मास्टर वीरभान समेत कई किसान नेताओं ने सरकार की नीतियों का विरोध किया। किसानों ने यमुना नहर की मांग को लेकर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
चनाना में खेतड़ी प्रखंड अध्यक्ष कामरेड अमरसिंह के नेतृत्व में धरना हुआ। भूमि विकास बैंक के चैयरमैन शीशराम ने धरने की अध्यक्षता की। किसान महासभा के कामरेड इन्द्राज सिंह चारावास ने स्मार्ट मीटर की जबरन वसूली का विरोध किया। उन्होंने कहा कि जबरदस्ती की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने झुंझुनू जिले में यमुना नहर का पानी लाने की मांग की। साथ ही मंदिर माफी की कृषि भूमि पर काबिज किसानों को खातेदारी अधिकार देने की मांग भी रखी। कामरेड होशियार सिंह, सुभाष, अभयसिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।