चूरू में ताजिये कर्बला में किए गए सुपुर्द:मस्जिदों में अदा की नमाज, सब्जी मंडी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
चूरू में ताजिये कर्बला में किए गए सुपुर्द:मस्जिदों में अदा की नमाज, सब्जी मंडी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

चूरू : चूरू में रविवार को मुहर्रम के मौके पर हजरत इमाम हसन-हुसैन की याद में मुस्लिम समुदाय ने श्रद्धापूर्वक रोजा रखकर इबादत की। हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए पारंपरिक रस्में अदा की गईं। शहर की विभिन्न मस्जिदों और घरों में मुस्लिम समुदाय ने नमाज अदा की। दोपहर में लीलघरान मस्जिद, मरिदों का मोहल्ला, नूर नबी मस्जिद, झारिया की मोरी, जैन मार्केट और इलाइयों का मोहल्ला से ताजिये निकाले गए।
पीरजी के चिल्ले मामा भांजा गली में लीलघरान मस्जिद, तेलियान मोहल्ला, मरिदों का मोहल्ला और नूरनबी मस्जिद से निकले ताजियों का संगम हुआ। यहां से सभी ताजिये कर्बला की ओर रवाना हुए। सब्जी मंडी में शहर के सातों ताजियों का जुलूस पहुंचा। रंग-बिरंगी सुनहरी पन्नी, चादर और चांदी की परत से सजे ताजियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। श्रद्धालुओं ने मातमी धुन के साथ आगे बढ़ते ताजियों को नमन किया।
विधायक हरलाल सहारण, प्रधान दीपचंद राहड़, प्रदेश सचिव डॉ. वासुदेव चावला, चंद्राराम गुरी, बसंत शर्मा और कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया ने ताजियेदारों और अखाड़ों के उस्तादों का सम्मान किया। शाम को सभी ताजियों को कर्बला में मातमी धुन के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया।