झुंझुनूं में विधायक-कलेक्टर ने जोहड़े में चलाया फावड़ा, सफाई की:वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान का समापन; जीतमल के जोहड़े का कायाकल्प
झुंझुनूं में विधायक-कलेक्टर ने जोहड़े में चलाया फावड़ा, सफाई की:वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान का समापन; जीतमल के जोहड़े का कायाकल्प

झुंझुनूं : वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत झुंझुनूं में शुक्रवार को विधायक राजेंद्र भांबू और जिला कलेक्टर रामावतार मीणा ने जीतमल का जोहड़ा में श्रमदान किया। विधायक ने जोहड़े को पुनर्जीवित करने के लिए अपने कोष से 10 लाख देने की घोषणा भी की। शुक्रवार को मोड़ा पहाड़ में स्थित जीतमल का जोहड़ा में श्रमदान और पौधारोपण कार्यक्रम के साथ झुंझुनूं में वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान का समापन हुआ।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा- जल संरक्षण को सामाजिक दायित्व और भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित रखने का माध्यम है। वंदे गंगा जल संरक्षण जैसे अभियान समाज में चेतना लाते हैं और परंपरागत जल स्रोतों को संजीवनी देते हैं।
जोहड़ा में चला सघन सफाई कार्यक्रम
अभियान के अंतिम दिन जीतमल का जोहड़ा पर सघन सफाई हुई। गाद हटाने और गहरीकरण का काम किया गया। इस दौरान फावड़े, तसले और झाड़ू लिए युवाओं, महिलाओं, स्कूली विद्यार्थियों और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान ‘जल ही जीवन है’, ‘जल बचाओ-भविष्य बचाओ’ जैसे नारे गूंजे।

जनप्रतिनिधियों ने दिया सहयोग और प्रेरणा
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर रामावतार मीणा, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी और अभियान के जिला संयोजक विशंभर पूनिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

जनभागीदारी और जन-जागरण का प्रतीक बना अभियान
अभियान के जिला संयोजक विशंभर पूनिया ने कहा-अभियान के तहत जिले के कई जल स्रोतों की सफाई, गहरीकरण और पुनर्जीवन का कार्य किया गया। जीतमल का जोहड़ा इसका एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। इस अभियान का उद्देश्य केवल श्रमदान तक सीमित नहीं था, बल्कि जल संरक्षण के प्रति आमजन को प्रेरित करना और समाज में जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित करना भी था। ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ का यह समापन जिले में जल चेतना के नवप्रकाश के रूप में सामने आया है।