लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका के उपचुनाव 8 जून को:भाजपा, कांग्रेस के अलावा एक निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में, 9 जून को होगी काउंटिंग
लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका के उपचुनाव 8 जून को:भाजपा, कांग्रेस के अलावा एक निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में, 9 जून को होगी काउंटिंग

लक्ष्मणगढ़ : लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका के वॉर्ड नंबर 9 में पार्षद पद पर उपचुनाव होने जा रहे है। भाजपा व कांग्रेस के अलावा एक निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में है। चुनावी प्रचार अपने अंतिम पड़ाव पर है। तीनों प्रत्याशी घर घर जाकर जनसंपर्क कर लोगों से वोट व समर्थन मांग रहे है। बता दें नगरपालिका के वॉर्ड नंबर 9 से भाजपा की सरिता शर्मा, कांग्रेस की वंदना शर्मा और निर्दलीय प्रत्याशी पूनम देवी मैदान में आमने सामने है। इससे पहले 2021 में हुए नगरपालिका के चुनाव में भी सरिता शर्मा व वंदना शर्मा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में आमने सामने चुनाव लड़ चुकी है उस समय कुल 7 प्रत्याशी मैदान में थे जिनमें से तत्कालीन कांग्रेस प्रत्याशी डिम्पल सैनी ने जीत दर्ज की थी। तथा सरिता शर्मा दुसरे स्थान पर रही थी। अब हो रहे उपचुनाव में भाजपा ने सरिता शर्मा व कांग्रेस ने वंदना शर्मा को प्रत्याशी बनाकर एक बार फिर से आमने सामने खड़ा कर दिया है। वहीं निर्दलीय मैदान में उतरे तीसरे प्रत्याशी ने चुनाव को रोमांचक बना दिया है। निर्दलीय प्रत्याशी पूनम देवी की स्वयं की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है वो पहली बार किस्मत आजमाने मैदान में उतरी है।
तीनों प्रत्याशियों का भाजपा से संबंध
वॉर्ड 9 के तीनों प्रत्याशियों का सम्बन्ध प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भाजपा से रहा है। भाजपा प्रत्याशी सरिता शर्मा के पति भाजयुमो शहर की कार्यकारिणी में सक्रिय सदस्य हैं और अभी बूथ 109 के अध्यक्ष है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी वंदना शर्मा के पति भाजयुमो शहर उपाध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए अभी बूथ 110 के अध्यक्ष है। भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद कांग्रेस से मैदान में उतरे हैं। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी पूनम देवी के पति शहर भाजपा किसान मोर्चा के सदस्य रहे हैं। बीजेपी से जुड़े प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से कहीं ना कहीं भाजपा के वोटबैंक में ही सेंधमारी होने की संभावना बनी रहेगी।
मंडल अध्यक्ष सहित कांग्रेस की साख दांव पर
बताया जाता है कि भाजपा प्रत्याशी सरिता शर्मा के पति कमल शर्मा की शहर मंडल अध्यक्ष ललित पंवार व भाजपा नेता दिनेश जोशी से नजदीकता के कारण टिकट मिला है। मंडल अध्यक्ष बनने के बाद हो रहे उपचुनाव में अपने नजदीकी को टिकट दिलाने में सफल रहे पंवार की साख अब इस उपचुनाव के नतीजे से जुड़ गई है। वहीं, इस सीट पर अब तक कांग्रेस की पार्षद थी, ऐसे में कांग्रेस के लिए भी यह चुनाव सम्मान का विषय बना हुआ है। निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि कल 8 जून को मतदान होगा उसके अगले दिन 9 जून को मतगणना होगी। वॉर्ड 9 के लगभग 1466 मतदाता तीनों प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां कर ली है।