सीकर में निकली तिरंगा यात्रा, पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया:’ऑपरेशन सिंदूर’ की जीत का जश्न मनाया, भारत माता के जयकारे लगाए
सीकर में निकली तिरंगा यात्रा, पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया:'ऑपरेशन सिंदूर' की जीत का जश्न मनाया, भारत माता के जयकारे लगाए

सीकर : सीकर जिले के सेवद बड़ी गांव में भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान ग्रामीणों ने तिरंगे के साथ भारत माता की जय के नारे लगाए और सेना के शौर्य को सलाम किया। यात्रा में पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया।

तिरंगा यात्रा ठाकुर मंदिर के पास चौक से शुरू होकर मुख्य मार्ग, बस स्टैंड और मंदिर परिसर होते हुए शहीद श्याम सिंह स्मारक पर समाप्त हुई। ग्रामीणों ने अपने घरों पर तिरंगा लहराया और फूल बरसाकर यात्रा का जोरदार स्वागत किया। सरपंच गिरधारी गढ़वाल ने पुष्पवर्षा के साथ यात्रा का सम्मान और स्वागत किया। यात्रा में शामिल लोग जोश और उत्साह के साथ देशभक्ति के नारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा गांव राष्ट्रप्रेम के रंग में डूब गया।
सेवद मंडल अध्यक्ष गोपाल सिंह ने कहा- ‘ऑपरेशन सिंदूर’ केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि आत्मरक्षा और राष्ट्र सम्मान की स्थापना का संकल्प है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दुनिया को अपनी ताकत दिखाई। उन्होंने सेना के पराक्रम की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया।

धोद विधायक गोवर्धन वर्मा ने कहा- यह तिरंगा यात्रा न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि है, बल्कि पूरे देश को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने का संदेश देती है। धोद विधानसभा क्षेत्र में ऐसी यात्राएं सेना के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता को दर्शाती हैं। हमें अपनी सेना पर गर्व है।” उन्होंने विश्व को संदेश दिया कि भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट और दृढ़ है।
यात्रा में पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों का विशेष सम्मान किया गया। प्रधान प्रतिनिधि मूलचंद रणवा ने सभी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का आभार जताया। कार्यक्रम में पूर्व उप जिला प्रमुख शोभ सिंह अनोखू, पूर्व जिला मंत्री रणवीर सिंह, जिला मंत्री ओमप्रकाश बिजारणियां, मंडल महामंत्री प्रहलाद, गजानंद शर्मा, मंगल सिंह, आनंद सिंह, पूर्व सरपंच रामोतार सैनी, राकेश शर्मा, नेमीचंद, राजकुमार महला, भडाडर मंडल अध्यक्ष विजयपाल, जगदीश खोखर, शंकर सिंह, गोपाल आर्य, बजरंग लाल, भजन लाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।