सीकर में ई-मित्रा संचालक से लाखों की ठगी:बांस के गोदाम में इन्वेस्ट करने का झांसा दिया, जान से मारने की दे रहा धमकी
सीकर में ई-मित्रा संचालक से लाखों की ठगी:बांस के गोदाम में इन्वेस्ट करने का झांसा दिया, जान से मारने की दे रहा धमकी

सीकर : ई-मित्र संचालक को बांस के गोदाम में पार्टनर बनाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने गोदाम में 75% पार्टनरशिप का झांसा देकर पैसे हड़प लिए और अब लौटाने से मना कर रहा है।
सीकर न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रम संख्या-1 में दी शिकायत में प्रह्लादराय (36) निवासी जेरठी (सुभाष नगर) ने बताया- वह जन आधार कार्ड बनाने का काम करता है। जेरठी अटल सेवा केंद्र में आरोपी अनिल शर्मा उसके पास जन आधार बनवाने के लिए आया था। इसके बाद से दोनों में काफी जान-पहचान हो गई। इस दौरान शिकायतकर्ता से आरोपी ने कहा कि वह एक बांस का गोदाम लगा रहा है लेकिन उसके पास पैसे नहीं है। पैसे शिकायतकर्ता को ही लगाने होंगे, जिसके बाद से प्रहलादराय 75 प्रतिशत हिस्सेदार बन जाएगा।
आरोपी ने गोदाम से हर महीने 2 लाख रुपए की बचत का झांसा दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपने रिश्तेदारों से लेकर 41 लख रुपए आरोपी को दे दिए। जब प्रहलादराय ने आरोपी से गोदाम का हिसाब मांगा तो उसने हिसाब की कॉपियां गायब कर दी और 24 लाख 50 हजार की धोखाधड़ी की। जब शिकायतकर्ता प्रहलादराय, आरोपी के घर पैसे मांगने गया तो उसने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। फिलहाल कोर्ट के आदेश पर दादिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई रोहिताश्व कुमार कर रहे हैं।