सेंट्रल जेल में पेट्रोल पंप बनाने का विरोध:लोग बोले- पीजी कॉलेज की छात्राओं को होगी परेशानी, प्रदर्शन कर आंदोलन की चेतावनी
सेंट्रल जेल में पेट्रोल पंप बनाने का विरोध:लोग बोले- पीजी कॉलेज की छात्राओं को होगी परेशानी, प्रदर्शन कर आंदोलन की चेतावनी

सीकर : सीकर में शिवसिंहपुरा स्थित सेंट्रल जेल में बनाए जा रहे पेट्रोल पंप का शहरवासियों व अनेक संगठनों के पदाधिकारियों ने विरोध किया। लोगों ने ग्रामीण महिला महाविद्यालय के बाहर जेल के सामने जेलकर्मियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध-प्रदर्शन किया। इसके बाद जेल अधीक्षक को यहां पेट्रोल पंप नहीं बनाने का ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष झाबरमल ने कहा- सेंट्रल जेल में कैदियों के रोजगार के लिए पेट्रोल पंप बनाया जा रहा है। जेल के बिल्कुल सामने ग्रामीण महिला महाविद्यालय व छात्रावास है। जिसमें 3500 लड़कियां पढ़ती हैं। महिलाओं-लड़कियों का रोजाना कॉलेज में आना-जाना लगा रहता है। साथ ही यह इलाका हरा-भरा है। इस जगह पर 250 से अधिक पेड़-पौधे हैं। ऐसे में पेट्रोल पंप बनाने के लिए पेड़-पौधों को भी काटा जाएगा।

ऐसे में यहां पेट्रोल पंप बनने से लड़कियों को परेशानी होगी साथ ही पर्यावरण को भी नुकसान होगा। इसलिए शहरवासी यहां पेट्रोल पंप नहीं बनने देंगे। लोगों ने जेल अधीक्षक को चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई और यहां पेट्रोल पंप बनाया गया तो आंदोलन किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी जेल प्रशासन व राज्य सरकार की होगी।
इस मौके पर सीकर व्यापार संघ के महामंत्री प्रदीप पारीक, महासचिव विनोद नायक, मनसुख रणवां मनु स्मृति संस्थान की अध्यक्ष डॉ. अभिलाषा रणवां, शिक्षक शेखावत संघ राजस्थान के सचिव उपेन्द्र शर्मा, अध्यक्ष विनोद पूनियां, पतंजलि योग समिति से महावीर जांगीड, पुष्पा भाकर, उषा देवी, निधि, मंजू देवी, अरविंद कुमार, हरिश खीचड, दीपक बगडिया, बीएल मील, संगीता सुण्डा, सुरेंद्र कुडी, हरिनारायण सहित अनेक लोग मौजूद रहे।