एसओजी ने दो महिला वन रक्षक को किया गिरफ्तार:सीमा कुमारी और टिमो कुमारी अरेस्ट; 6-6 लाख रुपए में लिया था परीक्षा पेपर
एसओजी ने दो महिला वन रक्षक को किया गिरफ्तार:सीमा कुमारी और टिमो कुमारी अरेस्ट; 6-6 लाख रुपए में लिया था परीक्षा पेपर

जयपुर : स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने वन रक्षक पेपर लीक मामले में आज वनरक्षक सीमा कुमारी और टिमो कुमारी को गिरफ्तार किया है। एसओजी के एडीजी वीके सिंह ने बताया कि आज वन रक्षक पेपर लीक प्रकरण में वनरक्षक सीमा कुमारी और टिमो कुमारी को गिरफ्तार किया है। बांसवाड़ा जिले के राजतलाब थाना पुलिस ने वन रक्षक परीक्षा 2020 में पेपर लीक होने पर 30 जून 2024 को एक एफआईआर दर्ज की थी। जिसमें बताया था कि 13 नवंबर 2022 को दोनों पारियों में हुई वन रक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हुआ।
एसओजी ने जांच के दौरान पूर्व में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष महाविद्यालय बाड़मेर और पूर्व कांग्रेस पार्षद को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ में बताया कि वनरक्षक सीमा कुमारी और टिमो कुमारी का 13 नवंबर 2022 को वन रक्षक परीक्षा का पेपर उदयपुर में हुआ था। दलाल नरेश देव उर्फ एनडी सारण ने परीक्षा से पहले दोनों को पेपर पढ़ाया था। जिसकी एवज में दोनों से उसने 6-6 लाख रुपए लिए थे।
एसओजी के एडीजी वीके सिंह ने बताया कि पेपर पढ़ने वाली वन रक्षक सीमा कुमारी (22) पुत्री मांगीलाल चौधरी, निवासी चौधरियों का वास रमनिया, पुलिस थाना सिवाना, जिला बालोतरा, हाल वनरक्षक रेंज बालोतरा और टिमो (24) पुत्री डूंगरा राम पत्नी लिखमाराम जाट, निवासी, गांव जादुओ का तला रतासर, थाना बीजड़ा जिला बाड़मेर, हाल वनरक्षक रेंज चौहटन, बाड़मेर को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं पूर्व में गिरफ्तार पूर्व कांग्रेस पार्षद नरेश देव उर्फ एनडी सारण को आज कोर्ट में पेश कर 1 अप्रेल तक रिमांड पर लिया गया है।
3 पॉइंट में पढ़िए- वनरक्षक भर्ती के पेपर लीक की पूरी कहानी…
1. कैसे हुआ पेपर लीक वनरक्षक भर्ती-2020 की परीक्षा 13 नवंबर 2022 को 2 पारियों में हुई थी। मास्टरमाइंड हरीश बाड़मेर से पेपर लेकर आया था। दोनों पारियों की परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को घर और होटल में पेपर हल कराए गए थे।
2. कैसे खुला मामला 28 जून 2024 को बांसवाड़ा के शास्त्रीनगर निवासी प्रवीण मालवीया की गिरफ्तारी से मामला खुला था। प्रवीण ने बताया कि VDO सकन खड़िया ने हरीश सहारण और JEN अभिमन्यु सिंह के साथ मिलकर पेपर लीक की साजिश रची थी।
3. कैसे हुई साजिश पहली पारी का पेपर बांसवाड़ा के होटल ब्लू मून में और दूसरी पारी का पेपर प्रवीण के घर शास्त्रीनगर (बांसवाड़ा) में हल कराया गया था। हरीश और अभिमन्यु ने अभ्यर्थियों को पेपर हल करवाया था। VDO सकन खड़िया ने पूरे मामले में कोऑर्डिनेट किया था।