नाथूसर में महिला से 12 लाख की लूट का मामला:दो और आरोपी गिरफ्तार, एक पोक्सो का भी आरोपी; चीपलाटा के जंगल से पकड़े
नाथूसर में महिला से 12 लाख की लूट का मामला:दो और आरोपी गिरफ्तार, एक पोक्सो का भी आरोपी; चीपलाटा के जंगल से पकड़े

श्रीमाधोपुर : सीकर जिले के श्रीमाधोपुर थाना पुलिस ने नाथूसर में हुई लूट के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नरेंद्र सिंह शेखावत और समीर कटारिया को चीपलाटा के जंगलों और पहाड़ी क्षेत्र से पकड़ा गया है। लूट की घटना 14 दिसंबर 2024 की है। तीन नकाबपोश बदमाशों ने संपत देवी के घर में घुसकर उन्हें बंधक बना लिया था। बदमाशों ने नगदी और जेवरात मिलाकर करीब 12 लाख रुपए की लूट की थी।
पुलिस ने इस मामले में पहले ही प्रदीप सिंह शेखावत को गिरफ्तार कर लूटे गए जेवरात बरामद कर लिए थे। लूट के पैसों से खरीदी गई टाटा पंच कार भी जब्त की जा चुकी है। कार खरीदने वाले नाथूसर निवासी अजय सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में नरेंद्र सिंह शेखावत उर्फ मोदी (19 वर्ष) नाथूसर का रहने वाला है। वह पोक्सो केस में भी 8 महीने से फरार चल रहा था। दूसरा आरोपी समीर कुमार कटारिया (18 वर्ष 8 माह) भी नाथूसर का ही निवासी है।
एसपी भुवन भूषण यादव के निर्देश पर डीएसपी उमेश गुप्ता और थानाधिकारी विजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपियों की गिरफ्तारी में कॉन्स्टेबल राजवीर सिंह और महेश कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।