छात्राओं ने ACB कार्यालय का भ्रमण किया:कामकाज का तरीका जाना, पूछा एसीबी में कैसे भर्ती होते है
छात्राओं ने ACB कार्यालय का भ्रमण किया:कामकाज का तरीका जाना, पूछा एसीबी में कैसे भर्ती होते है

झुंझुनूं : पीएम श्री महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल जीणी के 150 विद्यार्थियों ने एसीबी कार्यालय का भ्रमण किया। कामकाज की प्रक्रिया जानी। एएसपी इस्माइल खान ने उन्हें कार्यप्रणाली जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं ने एंटी करप्शन ब्यूरो में प्रवेश करने का तरीका पूछा। एएसपी ने कहा कि इसके लिए पहले पुलिस में भर्ती होना पडे़गा। फिर एसीबी में पदस्थापन के लिए प्रार्थना पत्र देना होगा।
फिर सर्विस रिकॉर्ड की स्क्रीनिंग की जाती है, सर्विस रिकॉर्ड सही पाए जाने पर साक्षात्कार के माध्यम से नियुक्ति दी जाती है।
एएसपी इस्माइल खान ने बताया कि आम आदमी के टेक्स से सभी लोक सेवकों को वेतन मिलता है और सरकारी कार्य के लिए उस वेतन के अलावा कोई लोक सेवक पैसे की मांग करता है उसे रिश्वत या भ्रष्टाचार कहा जाता है। इसकी शिकायत एसीबी को मिलती है तो उस लोकसेवक को रिश्वत राशि पर रंग लगाकर रंगे हाथ पकड़ा जाता है। उसके बाद कानूनी कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि आपका अधिकार है कि सरकारी कार्यालय में आपका कार्य बिना रिश्वत के हो, लेकिन साथ में ये भी कर्तव्य बनता है कि अगर कोई लोकसेवक रिश्वत की मांग करे तो एसीबी को इसकी सूचना दे। छात्राओं को ये भी बताया गया कि वे पुलिस माध्यम से एसीबी में भर्ती होकर भ्रष्टाचार को मिटाने में सार्थक भूमिका निभा सकते है।
उन्होंने कहा कि अगर कोई भी लोक सेवक रिश्वत की मांग करता है तो इस भ्रष्टाचार की एसीबी को सूचना दें। भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए 24 घंटे टोल फ्री नंबर 1064 उपलब्ध है। वॉट्सऐप के जरिए या व्यक्तिगत रूप से भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस दौरान प्रधानाचार्य सुनीता कंवर सहित एसीबी कार्यालय स्टाफ मौजूद रहा।