रींगस में नगर पालिका अध्यक्ष का उपचुनाव:निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए तीन मजिस्ट्रेट नियुक्त, परिसर के चारों ओर बेरिकेडिंग
रींगस में नगर पालिका अध्यक्ष का उपचुनाव:निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए तीन मजिस्ट्रेट नियुक्त, परिसर के चारों ओर बेरिकेडिंग

रींगस : रींगस नगर पालिका में कल होने वाले अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। पिछले चुनाव में हुए विवाद को देखते हुए पार्षदों की सुरक्षा के लिए इतने व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार गुप्ता ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए तीन मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। नेछवा के उपखंड अधिकारी राजवीर सिंह यादव को नगर पालिका परिसर के भूतल और बाहरी क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। सहायक कलक्टर कल्पना को पालिका कार्यालय भवन के सामने का क्षेत्र और तहसीलदार विवेक कटारिया को मतदान व मतगणना कक्ष की निगरानी का कार्य सौंपा गया है।
सुरक्षा के विशेष इंतजामों में पालिका परिसर के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। मतदान और मतगणना के लिए अलग-अलग कक्षों की व्यवस्था की गई है। यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत चुनाव से संबंधित वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। पुलिस, विद्युत, जलदाय और स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
20 जनवरी को होने वाले इस उपचुनाव का परिणाम मतदान के तुरंत बाद घोषित किया जाएगा। पिछले चुनाव में पार्षदों को ले जाने को लेकर हुए विवाद, तत्कालीन विधायक के साथ हुए व्यवहार और थाने पर हुए प्रदर्शन की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।
उप जिला हॉस्पिटल नजदीक होने से रोगी वाहन व अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को विवेक के आधार पर निकाला जाएगा। अभ्यर्थी व निर्वाचित वार्ड पार्षदगणों के वाहनों को सुरक्षा के लिए पालिका कार्यालय के मुख्य द्वार तक प्रवेश दिया जाएगा। लेकिन वाहन सामने नही खड़ा करने दिया जाएगा। विद्युत व्यवस्था सहायक अभियंता को मतदान व मतगणना स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए निर्देश दिए है। मतगणना के दौरान विद्युत सप्लाई बाधित होने की स्थिति में जनरेटर मय डीजल की वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए भी निर्देश दिए गए है।
मतगणना स्थल पर प्रवेश व्यवस्था मतदान व मतगणना स्थल के लिए नियुक्त मतदान अधिकारी, कार्मिक, राज्य निर्वाचन आयोग जिला निर्वाचन अधिकारी, अधिकृत व्यक्ति, चुनाव के संबंध में नियुक्त लोक सेवक, निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता, गणन अभिकर्ताओं व नगरपालिका रींगस के वर्तमान पार्षदगणों के अतिरिक्त अन्य किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति पर पाबंदी की गई है। मतदान व मतगणना के दौरान उपस्थित रहने वाले सभी अधिकारी व कर्मचारियों के लिए अधोहस्ताक्षरकर्ता की ओर से परिचय पत्र जारी किया गया है। मतदान व मतगणना कक्ष में सुरक्षा व्यवस्था क लिए मजबूत पाईप, मजबूत जाली, बैरिकैटिंग आदि लगाई गई है। साथ ही पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस उप अधीक्षक को जिम्मेदारी दी गई है। जिसमे पुलिस अधिकारी, पर्याप्त पुलिस बल मय महिला पुलिस बल, क्यूआरटी आदि की व्यवस्था रहेगी।