अरावली पर्वत श्रृंखला की पहाड़िया में धड़ल्ले से हो रहा है अवैध खनन
अरावली पर्वत श्रृंखला की पहाड़िया में धड़ल्ले से हो रहा है अवैध खनन
बुहाना : पुलिस एवं प्रशासन की कथित उदासीनता के चलते प्रतिबंधित अरावली पर्वत श्रृंखला से अवैध रूप से रोड़ी-पत्थर खनन का कार्य धडल्ले से किया जा रहा है। अरावली पर्वत श्रृंखला से रोड़ी-पत्थर निकालने के लिए विस्फोट सामग्री एवं जेसीबी मशीनों का उपयोग होने के बाद भी प्रशासन गौण-मौन बैठा है। अवैध खनन कर रोड़ी-पत्थर पड़ौसी राज्य हरियाणा में आपूर्ति किए जा रहे है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उदामांडी, नयागांव, सोहली सहित आस-पास के गांवों से अरावली पर्वत श्रृंखला गुजरते हुए हरियाणा में प्रवेश करती है। हरियाणा में रोड़ी-पत्थर खनन पर सख्ती है। बुहाना उपखंड के सोहली, नयागांव, उदामांडी एवं अन्य गांवों के अरावली पर्वत श्रृंखला में बिना रोकटोक के अवैध खनन किया जा रहा है। अवैध खनन करके ट्रैक्टर-ट्राली भरकर पड़ौसी राज्य हरियाणा में आपूर्ति किया जाता है। व्यापकस्तर पर अवैध खनन होने के बाद भी प्रशासन गहरी नींद में सोया हुआ है। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी इस प्रकरण में चुप्पी साधे हुए हैं।
विस्फोटक सामग्री एवं जेसीबी का उपयोग :
अरावली पर्वत श्रृंखला की उक्त पहाड़ियों में अवैध खनन करने के लिए विस्फोट सामग्री का उपयोग करके रोड़ी-पत्थर निकाले जाते है। विस्फोट से निकाली रोड़ी-पत्थरों को जेसीबी या अन्य उपकरणों से ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर पड़ौसी राज्य हरियाणा के महेन्द्रगढ़ जिला में आपूर्ति किया जाता है। अवैध खनन की पर्याप्त जानकारी खनन, राजस्व एवं पुलिस महकमे को होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
चौकी के आगे से गुजरते है वाहन :
अरावली पर्वत श्रृंखला से रोड़ी-पत्थर परिवहन करने वाले वाहन भालोठ गांव की पुलिस चौकी के आगे से गुजरते है। पुलिस चौकी पर कार्यरत पुलिसकर्मी पत्थरों से भरे वाहनों को रकवाते तक नहीं है। भालोठ चौकी से महज दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर अवैध खनन होता है। रोड़ी-पत्थरों से भरे ट्रैक्टर-ट्राली सरपट पुलिस चौकी के आगे से गुजरने के बाद भी कोई रोकने की हिम्मत नहीं दिखाता है।