लक्ष्मणगढ़ में देवस्थान विभाग ने संभाला न्यामा मंदिर का प्रबंधन:प्रशासन की मौजूदगी में ताला तुड़वाया, दुकानों और बैंक पर नोटिस चस्पा किए
लक्ष्मणगढ़ में देवस्थान विभाग ने संभाला न्यामा मंदिर का प्रबंधन:प्रशासन की मौजूदगी में ताला तुड़वाया, दुकानों और बैंक पर नोटिस चस्पा किए
लक्ष्मणगढ़ : सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ कस्बे के न्यामा बाजार स्थित प्राचीन श्री न्यामा मंदिर का प्रबंधन सोमवार को देवस्थान विभाग ने अपने नियंत्रण में ले लिया। विभाग की टीम ने प्रशासनिक अधिकारियों और भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए मंदिर परिसर का कब्जा संभाला। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगा होने के कारण एसडीएम और डीएसपी की मौजूदगी में ताला तुड़वाया गया।
कार्रवाई के दौरान मंदिर के मुख्य द्वार के अलावा मंदिर परिसर के नीचे संचालित करीब डेढ़ दर्जन दुकानों और एक बैंक पर भी देवस्थान विभाग की ओर से नोटिस चस्पा किए गए। यह कार्रवाई देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त महेंद्र देवतवाल के नेतृत्व में की गई।

कोर्ट के आदेश की पालना में कार्रवाई
देवस्थान विभाग की ओर से लगाए गए नोटिस में बताया गया कि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, लक्ष्मणगढ़ के 19 सितंबर 2025 के आदेश की पालना में प्रन्यास श्री न्यामा मंदिर की प्रबंधन व्यवस्था और उसकी समस्त परिसंपत्तियां अब देवस्थान विभाग के नियंत्रण में ले ली गई हैं।
कार्रवाई पूरी होने के बाद विभाग की टीम ने मंदिर के शिवालय में पूजा-अर्चना भी की।
बिना अनुमति संपत्तियों के बेचान पर हुई कार्रवाई
सहायक आयुक्त महेंद्र देवतवाल ने बताया कि श्री न्यामा मंदिर एक पंजीकृत ट्रस्ट है। पूर्व महंत द्वारा देवस्थान विभाग की अनुमति के बिना मंदिर की संपत्तियों का बेचान किए जाने की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद विभाग ने न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया। न्यायालय ने पूर्व महंत को कार्यकारी प्रन्यासी पद से हटाते हुए देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त को कार्यकारी ट्रस्टी नियुक्त किया और मंदिर के प्रबंधन एवं संपत्तियों की जिम्मेदारी सौंपी।
उन्होंने बताया कि न्यायालय के इसी आदेश की पालना में सोमवार को मंदिर का प्रबंधन और नियंत्रण देवस्थान विभाग ने अपने हाथ में लिया है।
दुकानों का होगा सर्वे, नीतियों के अनुसार होगी कार्रवाई
महेंद्र देवतवाल ने बताया कि मंदिर में भगवान की नियमित सेवा-पूजा पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार जारी रहेगी। वहीं मंदिर के अधीन संचालित सभी दुकानों का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के बाद देवस्थान विभाग की नीतियों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम मोहर सिंह मीणा, डीएसपी दिलीप कुमार मीणा, देवस्थान विभाग की टीम तथा भारी पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात रहा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2241534

