बारिश में धंसा पीएचईडी का बोरवेल, 10 फीट गहरा गड्ढा बना, 200 घरों की पेयजल आपूर्ति ठप
बारिश में धंसा पीएचईडी का बोरवेल, 10 फीट गहरा गड्ढा बना, 200 घरों की पेयजल आपूर्ति ठप
बुहाना : ग्राम पंचायत सहड़ में लगातार हो रही बारिश के चलते पीएचईडी के बोरवेल के आसपास की जमीन धंस जाने से करीब 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया है। आरओ वाटर फिल्टर के पास बने इस गड्ढे से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बोरवेल आबादी और मुख्य रास्ते के समीप होने के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार लगातार बारिश के कारण पानी की निकासी नहीं हो सकी, जिससे बोरवेल के आसपास की मिट्टी कमजोर होकर धंस गई। गड्ढा लगातार बढ़ता जा रहा है और उसके पास से गुजरने वाले लोगों व पशुओं के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने अपने स्तर पर गड्ढे के चारों ओर अस्थायी घेराबंदी कर लोगों को सतर्क किया है।
बारिश का पानी बोरवेल के अंदर जाने से मोटर भी खराब हो गई, जिसके चलते बोरवेल बंद हो गया है। इससे गांव के करीब 200 घरों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है और लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण सुनील गांधी ने ग्राम विकास अधिकारी के माध्यम से पंचायत समिति बुहाना के विकास अधिकारी (बीडीओ) को लिखित शिकायत देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा राजस्थान संपर्क पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते गड्ढे को सुरक्षित तरीके से नहीं भरा गया, बोरवेल की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई और पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। साथ ही आसपास के मकानों की नींव भी कमजोर होने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) से तत्काल मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2240627


