[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

औलखा की ढ़ाणी में बंद मकान से बदबू आई तो खुला दिल दहलाने वाला राज, फंदे पर लटका मिला 15 दिन पुराना युवक का शव


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
उदयपुरवाटीझुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

औलखा की ढ़ाणी में बंद मकान से बदबू आई तो खुला दिल दहलाने वाला राज, फंदे पर लटका मिला 15 दिन पुराना युवक का शव

अकेलेपन और नशे की गर्त में उजड़ गया पूरा हँसता-खेलता परिवार; एक ही घर में फांसी की यह चौथी खौफनाक वारदात

उदयपुरवाटी : कस्बे के निकटवर्ती इंद्रपुरा की ओलखा की ढाणी में रविवार की सुबह एक ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने सुनने वाले हर शख्स की रूह कंपा दी। यहाँ एक सूने मकान में 25 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। मौत करीब 15 दिन पहले होने के कारण शव पूरी तरह गल चुका था और केवल कंकाल ही शेष बचा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंकाल की बदतर स्थिति को देखते हुए अस्पताल ले जाने के बजाय मौके पर ही मेडिकल बोर्ड को बुलाकर पोस्टमार्टम करवाया और अवशेष परिजनों को सुपुर्द किए।

खिड़की से झांका तो उड़ गए होश
थानाधिकारी रामपाल मीणा ने बताया कि शनिवार की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि ओलखा की ढाणी में योगेश उर्फ टोनी के बंद मकान के पास से असहनीय बदबू आ रही है। इस पर डीईओ राजेंद्र कुमार तुरंत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिसकर्मियों ने बंद घर की खिड़की से टॉर्च की रोशनी में अंदर देखा, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर योगेश उर्फ टोनी (25) पुत्र स्वर्गीय इंद्राज का शव फंदे से लटका हुआ था।

मां से झगड़कर हुआ था अलग, पीछे से पसरा सन्नाटा
ग्रामीणों के अनुसार मृतक योगेश गंभीर रूप से शराब का आदी था। करीब दो महीने पहले उसका अपनी मां ग्यारसी देवी से किसी बात पर विवाद हो गया था। रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर मां झुंझुनूं अपने पीहर जाकर रहने लगी। पीछे से योगेश इस मकान में बिल्कुल अकेला रह रहा था। सूनेपन और नशे के अंधकार में उसने कब यह आत्मघाती कदम उठा लिया, किसी को भनक तक नहीं लगी। शनिवार रात जब मकान से तेज दुर्गंध फैली, तब जाकर इस खौफनाक सच का खुलासा हुआ। रविवार को उसकी मां और मामा राकेश कुमार के आने पर कमरे का दरवाजा हटाकर कंकाल को बाहर निकाला गया।

श्राप या संयोग..? इस बदनसीब घर में केवल फंदे से ही आती है मौत
ओलखा की ढाणी के लोग इस घटना के बाद से गहरे सदमे और दहशत में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस परिवार पर न जाने कैसा अंधकार छाया है कि यहाँ मौतों का सिलसिला सिर्फ फांसी के फंदे पर ही आकर रुकता है। योगेश से पहले उसके पिता, एक नाबालिग बहन और एक शादीशुदा बहन भी अलग-अलग समय पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर चुके हैं। इस चौथी दर्दनाक मौत के बाद अब इस अभागे परिवार में केवल बूढ़ी मां ग्यारसी देवी ही बची हैं, जिनकी दुनिया पूरी तरह उजड़ चुकी है।

इनका कहना-
कमरे की स्थिति और शव के कंकाल में बदलने के कारण यह स्पष्ट है कि घटना करीब दो सप्ताह पुरानी है। परिजनों की मौजूदगी में गेट खुलवाकर शव को नीचे उतारा गया। स्थिति बेहद खराब होने के कारण मौके पर ही मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। परिजनों ने मर्ग दर्ज कराई है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है। – रामपाल मीणा, थानाधिकारी, उदयपुरवाटी

Related Articles