भाजपा MLA पर डॉक्टर की किडनैपिंग-मारपीट का केस:सोशल मीडिया पर टिप्पणी से नाराज थे; विधायक के समर्थन में श्रीगंगानगर का बाजार बंद
भाजपा MLA पर डॉक्टर की किडनैपिंग-मारपीट का केस:सोशल मीडिया पर टिप्पणी से नाराज थे; विधायक के समर्थन में श्रीगंगानगर का बाजार बंद

श्रीगंगानगर : श्रीगंगानगर से भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के खिलाफ एक डॉक्टर ने किडनैपिंग और मारपीट का मामला दर्ज कराया है। बताया जा रहा है कि विधायक सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी से नाराज थे। शुक्रवार रात 12 बजे के करीब एसपी गौरव यादव ने FIR दर्ज होने की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि डॉ. श्याम सुंदर अरोड़ा ने एफआईआर कराई है। वहीं, विधायक पर मुकदमे से व्यापारियों में नाराजगी है। कई एसोसिएशन ने आज श्रीगंगानगर का बाजार बंद रखने की घोषणा की है।
अधिकारी जानकारी देने से बचते रहे
केस दर्ज होने की चर्चा शुक्रवार देर शाम से ही थी लेकिन कोतवाली थाना एसएचओ पृथ्वीपाल सिंह न तो थाने में मिले और न ही फोन उठाया। देर रात एसपी ने केस दर्ज होने की पुष्टि की, लेकिन उन्होंने मामले को लेकर कोई जानकारी नहीं दी। किसी अधिकारी ने फोन अटेंड नहीं किया तो किसी ने मामले की जानकारी होने से ही इनकार कर दिया।
इस संबंध में जानकारी के लिए विधायक से भी संपर्क नहीं हो सका। मामले में डीजीपी के आदेश से जांच अधिकारी नियुक्त होंगे। इसके बाद जांच होगी। एफआईआर जयपुर क्राइम ब्रांच को भिजवाई जाएगी। सूत्रों के अनुसार डॉक्टर ने विधायक के जन्मदिन पर उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी। इसके बाद से विधायक नाराज थे।

एसपी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करेंगे व्यापारी
संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष तरसेम गुप्ता ने बताया- मामले की चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही थी। मैं और अन्य व्यापारी कोतवाली थाने पहुंचे लेकिन वहां एसएचओ पृथ्वीपाल सिंह नहीं मिले। मुकदमे के खिलाफ एसपी ऑफिस पर प्रदर्शन करेंगे।
गुप्ता ने बताया कि विधायक पर होम्योपैथी संस्थान चलाने वाले डॉक्टर श्याम सुंदर ने केस दर्ज कराया है। संयुक्त व्यापार मंडल व व्यापारी विधायक के साथ हैं। हम जिला प्रशासन द्वारा जो केस दर्ज किया है उसकी निंदा करते हैं। मांग करते हैं कि मुकदमा वापस लिया जाए।
वहीं, संयुक्त व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि ये मामला 1 महीने पुराना है। रातोंरात मुकदमा दर्ज किया गया। झूठे मुकदमे से विधायक की छवि खराब करने की कोशिश की है। पहले जांच करते फिर मुकदमा दर्ज करते। प्रतिष्ठित व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज कर छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है।