नंदूसिंह अमरे रहे..जयकारों के साथ शहीद का अंतिम संस्कार:सेना में भर्ती होने से पहले छात्रसंघ अध्यक्ष भी रहे; बारूद डिपो में ब्लास्ट के बाद गई जान
नंदू सिंह शेखावत एबीवीपी के कार्यकर्ता थे। वे सूरजगढ़ कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष भी रह चुके थे। आठ मई को डिपो में ड्यूटी के समय एक बम फटने से 24 वर्षीय सेना के जवान नंदू सिंह शेखावत को शहादत प्राप्त हुई।

सूरजगढ़ : लेह-लद्दाख में सेना के बारूद डिपो में ब्लास्ट में शहीद हुए जवान का आज अंतिम संस्कार किया गया। झुंझुनूं के सूरजगढ़ के रहने वाले नंदूसिंह एक साल पहले ही सेना में भर्ती हुए थे। वे सूरजगढ़ गवर्नमेंट कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष भी रहे। इसी 8 मई को वे ब्लास्ट में घायल हो गए थे। सोमवार को चंडीगढ़ में इलाज के दौरान वे शहीद हो गए।
आज सुबह उनकी पार्थिव देह उनके गांव पहुंची तो ग्रामीणों ने उन्हें शहीद का दर्जा देने की मांग की थी। अपनी मांगों को लेकर उनके परिवार व ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक सीकर-लोहारू हाईवे भी जाम रखा। प्रशासन से सहमति के बाद करीब 4 किलोमीटर की तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसके बाद उनके पैतृक गांव स्यालू कलां में अंतिम संस्कार किया गया।
बता दें कि नंदू सिंह शेखावत एबीवीपी के कार्यकर्ता थे। वे सूरजगढ़ कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष भी रह चुके थे। नंदू सिंह ने 30 मार्च 2023 को ही इस पद पर नियुक्ति प्राप्त की थी। वहीं, एक महीने पहले ही वे गांव आकर गए थे। मिलनसार स्वभाव के नंदू सिंह की लंबी चौड़ी दोस्तों की टोली थी, जिनसे वह हरदम संपर्क में रहते थे। नंदू सिंह के इस दुनिया से रूखस्त होने के समाचार ने गम का माहौल पैदा कर दिया है। नंदू सिंह अविवाहित थे।