3 बच्चों की मां का बॉयफ्रेंड के साथ हनीट्रैप रैकेट:अमीरों को रेप केस में फंसाती, पैसे मिलते ही बयान बदल देती-मुझे गलतफहमी हो गई थी
3 बच्चों की मां का बॉयफ्रेंड के साथ हनीट्रैप रैकेट:अमीरों को रेप केस में फंसाती, पैसे मिलते ही बयान बदल देती-मुझे गलतफहमी हो गई थी

जयपुर : जयपुर की एक महिला ने पहले पति को धोखा दिया और फिर बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर कई लोगों को हनीट्रैप में फंसाया। लोगों ने पैसे देने से इनकार किया तो रेप और रेप के प्रयास के मामले दर्ज कराए। कई मामलों में घबराकर पीड़ितों ने पैसे दे दिए तो महिला ने बयान बदल दिए। शर्मनाक ये है कि महिला लिव-इन में रह रहे अपने बॉयफ्रेंड को धर्मभाई बताती है। अब महिला के पति ने पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पढ़िए पूरी रिपोर्ट…
मानसरोवर निवासी विनय कुमार मीणा (38) (बदला हुआ नाम) ने बताया कि वह एक्सेस बैंक में गोल्ड लोन ऑफिसर था। उसका ‘मोदी केयर’ का बिजनेस भी था। 25 अप्रैल 2012 को उसकी काव्या से अरेंज मैरिज हुई थी। 2020 तक तीन बच्चों के साथ उनका वैवाहित जीवन हंसी-खुशी चल रहा था। 2 जुलाई 2020 को किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। बच्चों को लेकर पत्नी अपने पीहर महवा चली गई। विनय अपने गांव अलवर चला गया। विनय का आरोप है कि काव्या ने फेक तरीके से साइन करके ‘मोदी केयर’ का बिजनेस खुद के नाम करवा लिया। इसी दौरान काव्या की दोस्ती उमेंद्र कुमार उर्फ बंटी शर्मा निवासी सिकंदरा से हो गई।
पति को छोड़कर अलग रहने लगी
विनय ने रिपोर्ट में बताया कि पीहर से आने के बाद उसकी पत्नी मानसरोवर में बच्चों के साथ अलग रहने लगी। उमेंद्र बच्चों के सामने ही काव्या से संबंध बनाता था। विनय ने बताया कि वह बच्चों से मिलने जाता तो उसके सामने भी दोनों अभद्र हरकतें करते थे। उसने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। विनय ने आरोप लगाया कि काव्या और उमेंद्र उस फ्लैट से ही हनीट्रैफ रैकेट चला रहे थे। जयपुर, दौसा, सिकंदरा, अलवर, भरतपुर, थानागाजी, प्रतापगढ़ एवं अनेक क्षेत्रों में दर्जनों लोगों को काव्या ने अपने जाल में फंसाया।
सोशल मीडिया के जरिए फंसाते
रिपोर्ट में बताया- सोशल मीडिया और वॉट्सऐप चेट के जरिए काव्या और उसका बॉयफ्रेंड उमेंद्र लोगों को फंसाते हैं। दोनों के खिलाफ काफी मुकदमे भी दर्ज हैं। विनय का आरोप है कि पुलिस भी इन दोनों से मिली हुई है। इन्होंने बहुत सारे लोगों को सोशल मीडिया पर दोस्ती कर रेप केस में फंसा रखा है। काव्या और उमेंद्र अश्लील वीडियो से डराकर लोगों को ब्लैकमेल करते हैं। पैसों की डिमांड करते हैं। पैसे नहीं देने पर रेप और रेप के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराते हैं। पीड़ित डरकर पैसे दे देता है तो 164 के बयान बदलकर समझौता कर लेते हैं। जिन मुकदमों में पैसा नहीं मिलता, उनमें पुलिस से मिलकर उमेंद्र कार्रवाई करवाता है।
परिचित ने बताया तो सामने आई सच्चाई
विनय का आरोप है कि दुनिया को दिखाने के लिए काव्या उमेंद्र को अपना धर्मभाई बताती है, जबकि दोनों लिव-इन में रह रहे हैं। उमेंद्र उसकी पत्नी काव्या के जरिए हनीट्रैप रैकेट चला रहा है। विनय ने बताया कि 5 जुलाई 2021 को उसके परिचित ने कॉल कर उसे काव्या के बारे में बताया। उसने जानकारी दी कि उसकी पत्नी ने गैंगरेप का मामला दर्ज करवाया है। उसका धर्म भाई उमेंद्र ब्लैकमेल कर समझौता कराने के एवज में लाखों रुपए मांग रहा है। इसके बाद विनय उसी दिन काव्या-उमेंद्र के पास गया तो उनसे समझाइश की। इस पर दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर विनय से मारपीट की। पुलिस गश्ती दल के आते ही उसे छोड़ दिया।
केस 1 : गैंगरेप का केस, फिर कहा- कुछ गलत नहीं हुआ
दौसा के बांदीकुई थाने में 28 जून 2021 को काव्या की ओर से गैंगरेप का मामला दर्ज करवाया गया। शिकायत में बताया कि वह नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी में फील्ड में उपभोक्ता जोड़ने का काम करती है। 26 जून को सुबह करीब 11:30 बजे जयराम बैरवा नाम के व्यक्ति ने मीटिंग के लिए कॉल कर बुलाया। उपभोक्ता जोड़ने के लिए वह बाइक पर बैठाकर बांदीकुई ले गया।
वहां जयराम ने उसकी मीटिंग कमल सिंह बैरवा से करवाई। चौधरी होटल में मीटिंग के दौरान कोल्ड ड्रिंक पिलाई। नशा मिला होने के कारण बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में दोनों ने गैंगरेप किया। होश आने पर मोबाइल में न्यूड वीडियो दिखाकर धमकाया कि मैं राजनीतिक पहुंच वाला व्यक्ति हूं। वीडियो वायरल करने के साथ किसी को बताने पर भंवरी देवी की तरह ठिकाने लगाने की धमकी दी। काव्या ने उमेंद्र के साथ बांदीकुई थाने में दोनों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज करवाया।
फिर बयानों में बदली…
काव्या ने 161 के बयान में दोनों के खिलाफ होटल के अलग-अलग कमरों में रेप करना बताया था, जबकि 164 के बयानों में वह पलट गई। उसने कहा कि बिजनेस प्लान समझाने के बाद उसके बाद सिर में दर्द होने लगा और चक्कर आने लगे। मेरे बताने पर जयराम बैरवा और कमल बैरवा मुझे चौधरी गेस्ट हाउस में आराम करने के लिए छोड़कर चले गए। मैं होटल के रूम में सो गई थी। आधे घंटे बाद जब थोड़ा रिलेक्स हुआ तो मुझे मेरे साथ कुछ गलत होने का शक हुआ। हालांकि मेरे साथ कुछ गलत नहीं हुआ। न ही कोई वीडियो बनाया गया। शक के कारण मैंने FIR दर्ज करवा दी। 164 के बयान दर्ज करवाकर कोई कार्रवाई नहीं चाहने पर 29 जुलाई को मामला समाप्त हो गया।
16 लाख में हुआ समझौता, समझाने पहुंचे पति को पीटा
काव्या के पति विनय ने बताया कि 26 जून को बांदीकुई गेस्ट हाउस में हुए गैंगरेप मामले में आरोपी जयराम और कमल ने उसे 5 जुलाई को कॉल किया। दोनों ने उसे बताया कि उसकी पत्नी और उमेन्द्र शर्मा उर्फ बंटी ने उनके खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज करवाया है। उसने पत्नी काव्या को कॉल किया तो उसने कहा कि इन लोगों ने उसके साथ गलत किया है। फिर पता चला कि मामले में 16 लाख रुपए में समझौता हो गया है। उसी दिन शाम करीब 5-6 बजे विनय उमेन्द्र को समझााने के लिए गया। घर पर नहीं मिलने पर वापस लौटते समय सिकंदरा चौराहा पर काव्या और उमेन्द्र शर्मा ने अपने तीन-चार साथियों के मिलकर उसको रोककर मारपीट की। बांदीकुई पुलिस के गश्ती दल ने विनय को बचाकर आरोपियों को अरेस्ट कर चालान पेश किया।
केस 2 : झूठे मुकदमे के एवज में मांगे 10 लाख
दौसा के सिकंदरा थाने में 1 मार्च 2022 को संतोष कुमार ने काव्या के खिलाफ ब्लैकमेल कर रुपए मांगने का मामला दर्ज करवाया शिकायत में बताया था कि वह जनरल स्टोर चलाता है। दुकान पर खरीदारी के बहाने काव्या की उससे बातचीत शुरू हो गई। 8 फरवरी से लेकर 25 फरवरी तक दोनों के बीच बात हुई। 25 फरवरी को दौसा जाने के लिए दोनों स्कूटी से निकले। रास्ते में काव्या ने भूख लगने की बात कही तो दोनों ने रुककर एक होटल में खाना खाया। वहां कोल्ड ड्रिंक पीने के दौरान चक्कर आने पर संतोष ने होटल में रूम ले लिया। करीब एक घंटा रुकने के बाद एक आदमी वहां आया। संतोष ने बताया कि उसने कहा कि वह काव्या को जानता है और उसे होटल में लाने की बात को लेकर धमकाया। इसके बाद वह बाइक पर बैठाकर काव्या को वहां से ले गया। संतोष ने बताया कि इसके बाद एक आदमी का कॉल आया। उसने काव्या को 10 लाख रुपए देने की डिमांड की। रुपए नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
मामले में लगी FR…
पुलिस जांच में सामने आया कि बिजनेस बढ़ाने का झांसा देकर संतोष कुमार ने काव्या से सहमति से शारीरिक संबंध बनाए थे। काव्या के लिए वह गिफ्ट भी लेकर गया था। काव्या ने अपने साथी उमेन्द्र को इस बारे में बताया था। उमेन्द्र के कॉल करने पर संतोष से गाली-गलौच हो गई। संतोष को आशंका था कि काव्या उसके खिलाफ रेप केस दर्ज करा सकती है। ऐसे में संतोष ने पहले ही रुपए मांगने का मामला दर्ज करवाया दिया था। मामले का सच सामने आने पर पुलिस ने FR लगा दी।
केस 3 : बैंक क्लर्क पर लगाया रेप के प्रयास का आरोप
जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर थाने में 23 जनवरी 2023 को काव्या ने रेप के प्रयास का मामला दर्ज करवाया। शिकायत में बताया कि वह मानसरोवर में कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रही है। करीब डेढ़ महीने पहले बस में दौसा से जयपुर आते समय उसकी मुलाकात पंकज शर्मा निवासी नायला कानोता से हुई थी। प्राइवेट बैंक में पंकज क्लर्क के पद पर कार्यरत है। मुलाकात के बाद दोनों की मोबाइल पर बातचीत होने लगी। जॉब का झांसा देकर 20 जनवरी को वॉट्सऐप कॉल कर डॉक्यूमेंट लेकर ट्रांसपोर्ट नगर बुलाया। ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचने पर ऑटोरिक्शा से खानिया स्थित अनमोल गेस्ट हाउस ले गया। डरा-धमकाकर गेस्ट हाउस के रूम में उसके साथ रेप की कोशिश की।
164 के बयानों में बदली…
काव्या ने 161 के बयान में पंकज पर मारपीट कर जाति-सूचक शब्द बोलकर रेप के प्रयास का आरोप लगाया था, लेकिन 164 के बयानों में वह पलट गई। उसने 164 के बयानों में कहा कि गेस्ट हाउस में बीपी लॉ होने के कारण उसे चक्कर आ गए और इसी वजह से आंख के नीचे चोट लग गई। काव्या ने प्रकरण में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने के लिए लिखित में दिया। जिसके बाद पुलिस ने मामले में FR लगा दी।
केस 4 : सोशल मीडिया पर दोस्ती कर मांगे रुपए
अलवर के थानागाजी थाने में 21 फरवरी 2023 को काव्या ने कैलाश चन्द के खिलाफ FIR दर्ज करवाई। FIR में बताया कि वह जयपुर में रहकर टीचर भर्ती की तैयारी कर रही है। करीब 2 महीने पहले कैलाश चंद निवासी थानागाजी से सोशल मीडिया पर उसकी दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान कैलाश ने खुद को टीचर बताया। काफी बच्चों को नौकरी लगवाने की बात कही। काव्या ने आरोप लगाया कि कैलाश ने REET के नोटस उपलब्ध करवाने का झांसा देकर 19 फरवरी को उसे थानागाजी बुलाया। वह पहुंची तो कैलाश बस स्टैंड पर बाइक लेकर खड़ा था। वह उसे बाइक पर बिठाकर 8-10 KM दूर जंगल में ले गया और वहां लेकर जाकर उसके साथ रेप किया। किसी को बताने पर बच्चों को जान से मारने की धमकी दी और बस में बैठाकर जयपुर भेज दिया।
क्रॉस मुकदमा करवाया दर्ज
अलवर के प्रतापगढ़ थाने में 4 मार्च 2023 को कैलाश चन्द की पत्नी ने काव्या के खिलाफ FIR दर्ज करवाई। एफआईआर में बताया कि उसकी सरकारी टीचर कैलाश चन्द से लव-मैरिज हुई थी। करीब 2 महीने पहले अननान मोबाइल नंबरों से मैसेज-कॉल आने लगे। वॉट्सऐप पर कॉल-मैसेज करने वाली ने खुद का नाम काव्या बताया। पति के बारे में जानने के बाद REET नोटस व तैयारी को लेकर बातचीत करने लगी। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के चलते रुपयों की मांग की। मना करने पर अश्लील मैसेज और फोटोज भी शेयर किए। मिलने के बहाने प्रतापगढ़ आकर 2 लाख रुपए की मदद मांगी। 4 हजार रुपए देकर वापस भेजने के बाद धमकी मिलना शुरू हो गई। रेप के झूठे मुकदमे में फंसाकर रुपयों की डिमांड की। पीड़िता का कहना है कि काव्या का धर्मभाई बनकर उमेन्द्र ने कॉल किया। हनीट्रैप में फांसने की धमकी देकर 35 लाख रुपए की डिमांड की।
पत्नी के बाद पति ने भी कराया मुकदमा
अलवर के अरावली विहार थाने में 14 अगस्त 2023 को कैलाश चन्द मीणा ने काव्या और उमेन्द्र के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। शिकायत में बताया कि काव्या और उमेन्द्र उर्फ बंटी लिव-इन में रहते हैं। काव्या लोगों को झूठे केस में फंसाती है और उमेंद्र उसका धर्मभाई बनकर राजीनामा कराता है। इससे पहले भी कई FIR में उमेन्द्र पैसे लेकर राजीनामा करवा चुका है। थानागाजी अलवर में दर्ज FIR में पैसे लेकर राजीनामा करना चाह रहे थे, लेकिन मैंने इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों ने उसे धमकियां दी। 11 सितम्बर को कॉल कर धमकाया कि- तू FIR में समझौते के 15 लाख रुपए कैश दे। नहीं तो हम तुझे विधानसभा की जगह जेल में चुनाव लड़वाऐंगे। 15 सितम्बर तक रुपए नहीं पहुंचाने पर रेप के झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी। फेक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालकर राजनीतिक-सामाजिक प्रतिष्ठा बिगाड़ने की धमकी दी।
इधर, काव्या बोली- पति से तलाक लेना चाहती हूं
मीडिया ने मामले में काव्या से बात पर उनका पक्ष जाना। काव्या का कहना है कि मैं अपने पति से तलाक चाहती हूं। करीब ढाई साल पहले कोर्ट में तलाक की एप्लीकेशन लगाई थी। तलाक नहीं चाहने के कारण पति साइन नहीं कर रहा। हनीट्रेप और ब्लैकमेलिंग जैसे आरोप झूठ हैं। ये सब वह मुझे बदनाम करने के लिए कर रहा है। अलवर की अरावली विहार थाने में दर्ज FIR में पुलिस ने 18 अक्टूबर को उमेन्द्र उर्फ बंटी को धोखे से बुलाकर अरेस्ट कर लिया। इधर, मामले में जांच अधिकारी SI शिवचरण लाल का कहना है कि शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है। अभी दोनों ही पक्षों के बयान नहीं हुए और न ही सामने आए है। मामले की जांच की जा रही है।