मुख्यमंत्री आवास पर कायमखानी समाज का संवाद, भजनलाल शर्मा ने समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
करीब 300 लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, समाज की विभिन्न मांगों को लेकर सौंपे आधा दर्जन से अधिक ज्ञापन
जयपुर : मुख्यमंत्री निवास, 8 सिविल लाइंस जयपुर में 1 नवंबर को आयोजित कायमखानी समाज संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समाज के प्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और जेन-जी से सीधा संवाद किया। करीब 300 लोगों के प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लगभग डेढ़ घंटे तक शामिल रहे। इस दौरान समाज की विभिन्न समस्याओं और मांगों से जुड़े आधा दर्जन से अधिक ज्ञापन सौंपे गए। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों को उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में राजस्थान कायमखानी महासभा, कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति, कायमखानी वेलफेयर ट्रस्ट, राजस्थान उर्दू शिक्षक संघ और राजस्थान मदरसा अनुदेशक संघ के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न जिलों से आए बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और जेन-जी के सदस्य शामिल हुए।
कायमखानी सैनिकों की शहादत को किया याद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पहुंचने पर प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। मंच पर राजस्थान कायमखानी महासभा के संयोजक सेवानिवृत्त कर्नल शौकत अली खान, कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त कप्तान फजरू खान, झुंझुनूं नगर परिषद के पूर्व सभापति खालिद हुसैन और जरीना खान मौजूद रहे।
कर्नल शौकत अली खान ने स्वागत भाषण में कायमखानी समाज के इतिहास और देश की रक्षा में समाज के योगदान की जानकारी देते हुए विभिन्न मांगें रखीं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कायमखानी समाज के वीर सैनिकों की शहादत को याद करते हुए कहा कि उन्हें गर्व है कि कायमखानी वीर सैनिकों ने बड़ी संख्या में देश की रक्षा के लिए शहादत दी है। उन्होंने समाज के इतिहास, विरासत और सैन्य सेवा में योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति का भी उल्लेख किया। उन्होंने समिति के अध्यक्ष कप्तान फजरू खान से कहा कि उन्होंने समाज के इतिहास और वंशावली के बारे में पढ़ा है और इस विषय पर उनके साथ विस्तार से चर्चा करेंगे। संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं, भर्तियों, रोजगार, किसान निधि, पर्यटन विकास, शेखावाटी की हवेलियों, उद्योग-धंधों और पंचायती राज चुनाव सहित विभिन्न विषयों पर भी बात की।
समाज की प्रमुख मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं
कार्यक्रम में फारूक अली खान ने विभिन्न संगठनों और संस्थाओं की ओर से तैयार मांग-पत्र मुख्यमंत्री को सौंपे। राजस्थान कायमखानी महासभा की ओर से कायमखानी जाति को केंद्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग आरक्षण दिलवाने के लिए प्रधानमंत्री को सिफारिशी पत्र लिखने तथा केंद्रीय सेवाओं के लिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का प्रमाण पत्र जारी करने संबंधी मांग रखी गई। ये मांग-पत्र कर्नल शौकत अली खान और अन्य पदाधिकारियों के माध्यम से सौंपे गए।
कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति की ओर से हरियाणा के हांसी स्थित नवाब कायम खां साहब के मकबरे के जीर्णोद्धार और कायमसर झील के संरक्षण की मांग की गई। इसके लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री और पुरातत्व विभाग को पत्र लिखने का आग्रह किया गया।
बेसवा गांव में राजकीय बालिका महाविद्यालय खोलने और इसके लिए भूमि आवंटित करने की मांग भी रखी गई। छात्रा सानिया खान भगासरा ने संवाद के दौरान यह मांग उठाई। इस पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र खुशखबरी मिलने का भरोसा दिलाया। उल्लेखनीय है कि बेसवा ग्राम पंचायत में निवर्तमान सरपंच जरीना खान के कार्यकाल में बालिका महाविद्यालय के लिए भूमि आरक्षित करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। महाविद्यालय खुलने से आसपास के करीब एक दर्जन गांवों की बालिकाओं को लाभ मिलने की बात कही गई।
भींचरी गांव में बरसाती पानी भरने की समस्या को लेकर पूर्व सरपंच यूसुफ खान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा भीलवाड़ा और अन्य क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने भी स्थानीय समस्याओं से जुड़े मांग-पत्र मुख्यमंत्री को दिए।
मदरसा अनुदेशकों के अनुभव गणना आदेश पर जताया आभार
मदरसा बोर्ड के तहत संचालित सरकारी मान्यता प्राप्त मदरसों के अनुदेशकों के नियमितीकरण की प्रक्रिया में 1 अप्रैल 2026 तक के अनुभव की गणना करने संबंधी आदेश जारी होने पर राजस्थान मदरसा अनुदेशक संघ और राजस्थान उर्दू शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। संघ के अध्यक्ष जुल्फिकार अली, संयोजक सय्यद मसूद अख्तर और उर्दू शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमीन कायमखानी सहित प्रतिनिधियों ने इस विषय पर अपनी बात रखी। इस आदेश से चरण एक से छह तक के मदरसा अनुदेशकों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई।
मुख्यमंत्री ने संवाद और ज्ञापन प्रस्तुत करने के दौरान कहा कि प्रतिनिधियों की ओर से बताई गई समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता के कारण इस समय कोई घोषणा नहीं कर सकते, लेकिन सरकार अपने वादों को पूरा करने में विश्वास रखती है।

इन प्रतिनिधियों ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री का साफा, शॉल और गुलपोशी से स्वागत करने वालों में कर्नल शौकत अली खान, कप्तान फजरू खान, खालिद हुसैन, जरीना खान, कायमखानी वेलफेयर ट्रस्ट के चेयरमैन असलम खान, राजस्थान उर्दू शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमीन कायमखानी, प्रिंसिपल खुर्शीद फातिमा, राजस्थान मदरसा अनुदेशक संघ के अध्यक्ष जुल्फिकार अली, संयोजक सय्यद मसूद अख्तर, राजस्थान कायमखानी महासभा के संरक्षक सदस्य मोहम्मद खां चित्तौड़गढ़, चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष अलानूर खां, कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति के सचिव फारूक अली खान, महासभा के झुंझुनूं जिलाध्यक्ष उम्मेद खां गिडानिया, चूरू जिलाध्यक्ष मुंशी खां, भीलवाड़ा युवा जिलाध्यक्ष ताज खान, पूर्व युवा जिलाध्यक्ष इमरान कायमखानी तथा जेन-जी के अर्श खान और ताहिर खान शामिल रहे।
कार्यक्रम में शौकत खान भीमपुरा, नाहर खान भीलवाड़ा, शौकत खान (पूर्व कृषि अधिकारी एवं सचिव कायमखानी वेलफेयर सोसायटी शाहपुरा), इस्लाम खान निम्बाहेड़ा खुर्द, गुलशेर खान शाहपुरा, हाजी यासीन खां जालूपुरा, खुर्शीद खां रतनगढ़, हाजी सलीम खां जबवाण, अजीमुद्दीन खां, नवाब खां मलवाण झोटवाड़ा, रशीद खां जालूपुरा, माहिर खान झुंझुनूं, मोहम्मद सिकन्दर जयपुर, शुजाउद्दीन खां जयपुर, कप्तान सरवर खां झुंझुनूं, इस्पाक खान हमीर खां का बास, खलील अहमद खां झुंझुनूं, सादिया खान टोंक, महबूब मोहम्मद टोडाराय सिंह, नसीर बागावास, फय्याज कादरी मेड़ता और अब्दुल अजीज फलौदी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
युवाओं और जेन-जी की रही भागीदारी
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में युवाओं और जेन-जी की भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि नई पीढ़ी को मुख्यमंत्री से सीधे संवाद का अवसर मिल सके। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री निवास पर प्रतिनिधिमंडल के लिए रात्रिभोज की व्यवस्था की गई। इसके बाद सभी प्रतिनिधि अपने-अपने गांवों के लिए रवाना हुए।
कार्यक्रम के बाद लेखक फारूक अली खान ने अपने लेख में कहा कि मुख्यमंत्री निवास पर कायमखानी समाज के सीधे संवाद से समाज में उत्साह है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अन्य मुस्लिम समाजों के प्रतिनिधि भी अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए इसी तरह के संवाद कार्यक्रम की अपेक्षा कर रहे हैं।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2506075


