नवलगढ़ के बाय गांव में देर रात वारदात: प्रशासक के घर घुसे नकाबपोश, गाड़ी में तोड़फोड़, लैपटॉप ले गए
हमलावरों ने गाड़ी तोड़ी, CCTV में दिखे दो-तीन युवक : 5 के खिलाफ मामला दर्ज-कैंपर और बाइक जब्त
बाय : ग्राम पंचायत बाय की प्रशासक तारा पूनिया के घर रविवार देर रात नकाबपोश लोगों के घुसने और गाड़ी में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। आरोपियों पर लैपटॉप चोरी करने और प्रशासक व उनके पति को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने मामले में चार नामजद सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में तारा पूनिया ने बताया कि रविवार रात करीब 2:45 बजे दो सफेद रंग की बिना नंबर की कैंपर गाड़ियों में सवार कुछ लोग उनके घर के सामने पहुंचे। आरोप है कि उनके हाथों में गंडासी, कुल्हाड़ी, लोहे के पाइप और देशी कट्टा था। आरोपियों ने घर के सामने लगे हवेली के गेट को कथित रूप से पटक दिया और इसके बाद घर में घुस गए।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी एक्सयूवी गाड़ी में तोड़फोड़ की और उसमें रखा लैपटॉप अपने साथ ले गए। घटना के दौरान तारा पूनिया और उनके पति ने हवेली की छत पर जाकर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी।

सोशल मीडिया पर भी धमकी देने का आरोप
तारा पूनिया ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि कपिल शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हाथ में कुल्हाड़ी लेकर वीडियो पोस्ट किया और गाली-गलौच व अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने घटना में शामिल लोगों पर इंस्टाग्राम और फेसबुक के माध्यम से भी धमकी भरे वीडियो जारी करने का आरोप लगाया है।
एक कैंपर और बाइक जब्त
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीआई अजय सिंह ने घटनास्थल का जायजा लेकर जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटना के कुछ समय बाद एक कैंपर और बाइक जब्त की है। वहीं, घटनास्थल से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

मामले में बाय निवासी कपिल शर्मा, सिंगनौर निवासी अमित चौधरी, पलसाना निवासी कमल जाट, बाय निवासी दीपक पूनिया सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग
घटना की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण तारा पूनिया के घर पहुंचे। इसके बाद प्रशासक और ग्रामीण पुलिस उपअधीक्षक सुगन सिंह के पास पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने तथा तारा पूनिया और उनके परिवार को सुरक्षा देने की मांग की।

इस दौरान प्रशासक भंवर सिंह धीवा, रघुवीर सिंह झूरिया, राहुल सोटवारा, रजनीश पूनिया, मुकेश रणवां, महीपाल सिंह और कुलदीप सिंह शेखावत सहित कई लोग मौजूद रहे। तारा पूनिया ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2347737


