घर से महज 50 मीटर की दूरी पर बेकाबू डंपर ने 60 वर्षीय वृद्ध व्यक्ति को रौंदा
शंकर लाल सैनी की मौके पर ही मौत, परिजनों का प्रदर्शन, एसडीएम ने दिए फुटपाथ बनाने के निर्देश
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : कैलाश बबेरवाल
उदयपुरवाटी : क्षेत्र की सीकर-दिल्ली स्टेट हाईवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में राह चलते व्यक्ति की डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मृतक के घर से महज 50 मीटर की दूरी पर हुआ, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों तथा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्राम पंचायत चिराना के पास स्थित भैरूजी मंदिर के निकट गुरुवार सुबह चिराना के ढाकला की ढाणी निवासी शंकर लाल पुत्र गोविंद राम सैनी पैदल जा रहे थे। इसी दौरान सीकर की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद शंकर लाल सड़क पर जा गिरे, जिसके बाद डंपर उन्हें कुछ दूरी तक घसीटते हुए कुचलता हुआ निकल गया। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने सीएचसी पर किया प्रदर्शन
सूचना मिलने पर गोठड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कर उसे चिराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल परिसर में जमा हो गई। मृतक के परिजनों ने डंपर चालक की गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने गोठड़ा थाने में चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कराया है। मृतक अपने पीछे चार बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं।

पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों का गुस्सा
घटनास्थल पर एकत्रित ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क किनारे मिट्टी के ढेर लगे होने के कारण पैदल चलने वालों को मुख्य मार्ग पर चलना पड़ता है, जिससे आए दिन हादसे का अंदेशा बना रहता है।
एसडीएम ने लिया घटनास्थल का मौके पर जायजा, दिए सख्त कड़े निर्देश
देर शाम नवलगढ़ उपखंड अधिकारी प्रांजल कंवर ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी। एसडीएम ने मौके पर ही पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को तलब किया। सड़क किनारे लगे मिट्टी के ढेरों को हटाने के निर्देश देते हुए उन्होंने जल्द से जल्द सड़क के दोनों ओर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ निर्माण कराने की हिदायत दी। साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।
गोठड़ा थानाधिकारी प्रेम प्रकाश ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि व सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2444366

