करंट की चपेट में आने से गरीब किसान के ऊंट की दर्दनाक मौत, कामरेड कपिल राव ने ग्रामीणों के साथ मिलकर खोला बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा
ए ई एन ने मौके पर आकर समस्या का किया समाधान, प्रमुख मांगों पर बनी सहमति, एईएन मुकेश टेलर की ताबड़तोड़ कार्रवाई से ‘मौत की लाइन’ हुई लंबे समय बाद दुरुस्त
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : आबिद खान दाडून्दा
फतेहपुर : बीबीपुर बड़ा गांव में बिजली विभाग की झूलती हाईटेंशन लाइनों के कारण एक बेहद गरीब किसान के ऊंट की करंट लगने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अपने परिवार की रोजी-रोटी के इकलौते सहारे को इस तरह खो देने से पीड़ित किसान पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव का आक्रोश भड़क उठा। घटना की खबर फैलते ही गरीबों के हक की आवाज उठाने वाले जुझारू नेता कामरेड कपिल राव अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ ताल ठोकते हुए जोरदार मोर्चा खोल दिया और ग्रामीणों संग उग्र धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

हादसे के बाद हरकत में आया प्रशासन
धरने की तीव्रता और कामरेड कपिल राव के सख्त तेवरों को देखते हुए बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। कपिल राव ने अधिकारियों को सीधे शब्दों में चेतावनी दी कि “जब तक पीड़ित किसान को न्याय, तुरंत आर्थिक राहत और पूरे क्षेत्र को इस खतरे से स्थाई मुक्ति की लिखित गारंटी नहीं मिलती, तब तक आंदोलन की आंच शांत नहीं होगी।”
एक्स ई एन ने लगाया ए ई एन को फोन
मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिशासी अभियंता (XEN) फतेहपुर शिवपाल कासनीया ने तुरंत सहायक अभियंता (AEN) मुकेश कुमार टेलर को मौके की कमान सौंपी और तुरंत समाधान खोजने के निर्देश दिए।
एईएन मुकेश टेलर की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 24 घंटे में क्लेम के कागज तैयार करने का दिया भरोसा..
सूचना मिलते ही सहायक अभियंता मुकेश कुमार टेलर बिना एक पल गंवाए पूरी तकनीकी टीम और संसाधनों के साथ सीधे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के आक्रोश को पूरी संवेदनशीलता से सुना और मौके पर ही मोर्चा संभाला। एईएन मुकेश टेलर ने विभागीय औपचारिकता में समय गंवाने के बजाय तुरंत पशु चिकित्सा टीम को मौके पर बुलाकर मृत ऊंट का पोस्टमार्टम करवाया। इसके साथ ही उन्होंने कनिष्ठ अभियंता (JEN) को सख्त हिदायत दी कि अगले 24 घंटे के भीतर पीड़ित किसान के मुआवजे संबंधी सभी कागजात तैयार कर क्लेम प्रक्रिया पूरी की जाए।
मौके पर गाड़े 6 नए पोल, वर्षो की खराब लाइन हुई दुरुस्त
ग्रामीणों ने शिकायत उठाई थी कि यह लाइन महज 4 से 5 फीट की ऊंचाई पर लटक रही थी, जो काल बनकर मंडरा रही थी। कॉमरेड कपिल राव के दबाव और जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए एईएन मुकेश टेलर ने तुरंत इस समस्या को मौके पर ही दुरूस्त करवाने के आदेश जारी किए देखते ही देखते मौके पर करीब 6 नए विद्युत पोल लगवाकर झूलते तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर खिंचवा दिया गया और पुरानी समस्या का मौके पर ही पक्का समाधान कर दिया। ताकि भविष्य में घटना न हो सके।

कामरेड कपिल ने जताया आभार, साथ ही दे डाली भावी चेतावनी
समस्या का तुरंत और प्रभावी निस्तारण होने पर ग्रामीणों ने एईएन मुकेश टेलर की मुस्तैदी और कार्यशैली की सराहना की। इसके बाद कामरेड कपिल राव ने धरना समाप्त करने की घोषणा करते हुए कहा, “जनता की एकजुटता और प्रशासन की सकारात्मक कार्रवाई से आज एक बड़ी समस्या हल हुई है। हालांकि, विभाग ध्यान रखे कि यदि तय समय-सीमा में किसान को पूरा सरकारी मुआवजा नहीं मिला, तो जनता अपने अधिकारों के लिए दोबारा सड़क पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी।”
इनकी भी सुन लेते हैं
”रविवार का दिन होने के कारण मैं रूम पर था। अचानक अधिशासी अभियंता (XEN) साहब का फोन आया और घटना की जानकारी मिली। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मैं बिना देर किए पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों का आक्रोश पूरी तरह जायज था। असल में वहां किसी जेसीबी चालक द्वारा खड्डा खोदकर मिट्टी का टीला बना दिया गया था और स्पान लंबा होने के कारण तार नीचे आ गए थे, जिससे यह दुखद हादसा हुआ। हमने तुरंत मेडिकल टीम बुलाकर ऊंट का पोस्टमार्टम कराया और कनिष्ठ अभियंता को 24 घंटे के भीतर क्लेम फाइल तैयार करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, जनता की सुरक्षा को देखते हुए मौके पर करीब 6 नए पोल लगवाकर पूरी लाइन को तुरंत दुरुस्त करवा दिया गया है, ताकि भविष्य में कभी ऐसा हादसा न हो।” मौके पर विद्युत लाइन दुरुष्टिकरण का कार्य होने के साथ साथ ग्रामीणों का जो आक्रोश था वो सहयोग की भावना में परिवर्तित हो गया था। सभी को धन्यवाद
– मुकेश कुमार टेलर, सहायक अभियंता (AEN) ग्रामीण, फतेहपुर
मेरे पास सूचना आते ही मेने ए ई एन मुकेश जी को तुरंत आदेश दे दिए थे मुकेश जी ने मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करवा दिया हैं। रही बात क्लेम राशि की तो उसे भी प्रोसेस में ले लिया गया हैं। – शिवपाल कासनिया, अधिशासी अभियंता फतेहपुर सीकर
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2332807

