ना बस है और ना ही स्टाफ…चूरू से दिल्ली के बीच चलने वाली रोडवेज तीन माह से बंद ..!!
सरकारी दावों की पोल खुलकर सामने आई, यात्री परेशान

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : जिला मुख्यालय पर रोडवेज डिपो में ना बस है और ना ही स्टाफ है। इस कारण बसों को ही बंद कर दिया गया है, जो कि बहुत ही दुखद बात है।मिली जानकारी के अनुसार चूरू से दिल्ली वाया झुंझुनूं के बीच चलने वाली राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की रोडवेज बस बंद कर दी गई है। इस कारण से यहां यात्री बहुत परेशान हो रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार चूरू से शाम साढ़े छह बजे वाया झुंझुनूं होकर दिल्ली जाने वाली रोडवेज बस पिछले तीन माह से बंद है। इस बस के बंद कर दिए जाने से इस मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को बहुत दिक्कत हो रही है। लोगों ने कहा कि एक तरफ तो राजस्थान सरकार यात्रियों की सुविधा के लिए नई बसों का संचालन कर रही है। दूसरी ओर चूरू से दिल्ली जाने वाली बस को बंद कर दिया गया है। यह यहां के लोगों के साथ सरासर अन्याय है। इस बस सेवा को तुरंत शुरू करके यात्रियों को राहत दी जानी चाहिए।
इस संबंध में चूरू डिपो के मुख्य प्रबंधक सुदीप शर्मा का कहना है कि बस और स्टाफ की कमी के कारण चूरू से दिल्ली के बीच चलने वाली बस को बंद कर दिया गया है। शर्मा ने कहा कि इसे जल्दी ही शुरू करने का प्रयास कर रहे हैं। देखो कब होती है। कुल मिलाकर यहां बस और स्टाफ की कमी के कारण लंबी दूरी की बस सेवा को बंद किया जाना बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे सरकार की ओर से गिनाई जाने वाली उपलब्धियां संदेह के घेरे में आ गई हैं। साथ ही सरकारी दावों की भी पोल खुलकर सामने आ चुकी है। यहां यात्री सरकार को कोसते हुए देखे जा सकते हैं। इसके अलावा कोई कुछ कर भी नहीं सकता।