रतनगढ़ में कचरा संग्रह सेवा 5 दिन से ठप:कंपनी और कर्मचारियों के विवाद का असर, सड़कों पर कचरे के ढेर; आमजन परेशान
रतनगढ़ में कचरा संग्रह सेवा 5 दिन से ठप:कंपनी और कर्मचारियों के विवाद का असर, सड़कों पर कचरे के ढेर; आमजन परेशान

रतनगढ़ : चूरू के रतनगढ़ में घर-घर कचरा संग्रह सेवा पिछले पांच दिनों से बंद है। वी वॉइस कंपनी और उसके कर्मचारियों के बीच विवाद के कारण यह स्थिति बनी है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित ऑटो टीपर सेवा की बंदी से शहर में कचरे के ढेर लग गए हैं। घरों में कचरा जमा हो रहा है। शहर के बाजारों और मुख्य मार्गों पर रखे कचरापात्र भर चुके हैं।
वी वॉइस कंपनी के पास मार्च 2026 तक इस सेवा का ठेका है। विवाद की शुरुआत एक टीपर चालक के सड़क हादसे के बाद हुई। इससे पहले भी एक सप्ताह तक सेवा बंद रही थी, जो जनप्रतिनिधियों की मध्यस्थता से शुरू हुई थी। कंपनी के मैनेजर शिवराजसिंह का कहना है कि कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं और कई बार हाथापाई की नौबत आई है। वहीं कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी बाहर से नए कर्मचारी लाना चाहती है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं।
पार्षद और पूर्व पार्षद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। इस विवाद का सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है।