राजस्थान की महिला डॉक्टर को हिसार यूनिवर्सिटी में जलाया था:मां बोलीं- हॉस्पिटल में बेटी ने कहा था, मुझे बचा लो; चार जगह थे कट के निशान
राजस्थान की महिला डॉक्टर को हिसार यूनिवर्सिटी में जलाया था:मां बोलीं- हॉस्पिटल में बेटी ने कहा था, मुझे बचा लो; चार जगह थे कट के निशान

बहरोड़ : हरियाणा में राजस्थान की महिला डॉक्टर भावना यादव (25) की हत्या में नया खुलासा हुआ है। भावना की मां को कॉल कर अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी देने वाला युवक उदेश यादव रेवाड़ी का रहने वाला है और हिसार में क्लर्क है। युवक ने डॉक्टर को अस्पताल में भर्ती कराते हुए स्टाफ को कहा था कि वह चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) में जल गई थी।
यह खुलासा अस्पताल में दिए डॉक्युमेंट्स से हुआ है। सोनी अस्पताल की रिपोर्ट के अनुसार डॉ. भावना यादव 80% झुलसी हुई थी। 24 अप्रैल की सुबह 9:26 बजे उसे हिसार के सोनी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर घरवाले महिला डॉक्टर को जयपुर एसएमएस अस्पताल में ले गए थे, जहां देर रात 11:24 बजे भावना ने दम तोड़ दिया था।

हमारी की टीम रविवार दोपहर को बहरोड़ के गांव अन्नतपुरा में डॉ.भावना यादव के घर पहुंची। प्रिंसिपल और भावना की मां गायत्री यादव ने बताया- 24 अप्रैल की सुबह 8:35 बजे पर एक कॉल आया था। सामने से एक युवक ने बोला मैं उदेश बोल रहा हूं। भावना हिसार के अस्पताल में भर्ती है। इस पर मैंने सोचा कि कोई फर्जी कॉल है और उसे डांटकर फोन काट दिया।
बेटी का नंबर नहीं लगने पर परेशान हुई
गायत्री यादव ने बताया- तसल्ली के लिए मैंने एक बार बेटी को कॉल किया। मगर उसका फोन नहीं लगा। इसके बाद मन में थोड़ा डर बैठ गया और वापस युवक के नंबर पर कॉल किया। मगर बार-बार कॉल करने के बाद भी रिसीव नहीं किया। काफी देर बाद जब उदेश ने कॉल उठाया तो मैंने रिक्वेस्ट की कि मेरा वीडियो कॉल उठाए। जब उसे वीडियो कॉल किया तो उसने फिर कॉल रिसीव नहीं किया।
इसके बाद लगातार वीडियो कॉल करने पर उसने फोन रिसीव किया और किसी नर्स के हाथों भावना को दिखाया। कुछ सेकेंड ही मैंने वीडियो कॉल पर भावना को देखा। वह करवट लेकर लेटी हुई थी। पूरी तरह से जली हुई हालत में थी।
मैं बेटी की हालत देख शॉक्ड हो गई थी
गायत्री यादव ने बताया- ये सब देखते ही मैं शॉक्ड हो गई। समझ नहीं आ रहा था कि मेरी बेटी को क्या हो गया। अब क्या करूं। मैंने फौरन अपने स्टाफ के एक साथी और देवर को फोन कर वहां बुलाया। इसके बाद गाड़ी लेकर हिसार के लिए निकल गई। रास्ते में लड़के (उदेश) का वापस फोन आया। उसने आधार कार्ड मांगा। इस पर मैंने अपने और डॉ.भावना के सभी डॉक्युमेंट उसे भेज दिए।

मां बोली- दोपहर 3 बजे तक नहीं आए थे डॉक्टर
गायत्री यादव ने बताया- मैं दोपहर 12:30 बजे हरियाणा के सोनी अस्पताल पहुंची। जहां बेटी को देखा तो वह बोली- ‘मम्मी मुझे बचा लो।’ मेरी बेटी की हालत नाजुक थी। मगर अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिले। बार-बार कॉल किया, मगर 3 बजे तक डॉक्टर नहीं आए।
मैंने रिपोर्ट करने के लिए ऑनलाइन नंबर सर्च कर हिसार सदर पुलिस को कॉल किया और उन्हें जानकारी देते हुए मदद मांगी। मगर वहां के थानाधिकारी ने कहा कि मैडम ये हमारा एरिया नहीं है। आप संबंधित थाने में संपर्क करें। अस्पताल स्टाफ से काफी रिक्वेस्ट की, तब सिविल लाइन पुलिस को बुलाया गया। जब पुलिसकर्मियों ने उसका बयान लेने की कोशिश की, तो भावना कुछ बोल नहीं पा रही थी।
बेटी की हालत को देखते हुए मैंने अस्पताल वालों से उसे जयपुर रेफर करने के लिए कहा। इसके बाद मैं भावना को लेकर एसएमएस अस्पताल पहुंची। जहां 24 अप्रैल की रात 11:24 बजे उसने दम तोड़ दिया। मां ने दावा किया कि जयपुर में बेटी की ड्रेसिंग के दौरान डॉक्टर ने बताया की बेटी के शरीर पर चार जगह कट के निशान बने हुए थे।

मां का दावा- उदेश का रिश्तेदार पुलिस में
गायत्री यादव ने दावा किया कि है कि उन्हें फोन करने वाला युवक पड़ोस के रिश्तेदारी में लगता है। हालांकि आज तक मैंने उस लड़के को कभी देखा नहीं है। उदेश का एक रिश्तेदार दिल्ली पुलिस में है। वह महेंद्रगढ़ के दुलाना का रहने वाला है। वह उसे बचाने की कोशिश कर रहा है। मुझे शक है कि इसमें उसका भी हाथ हो सकता है। डॉ.भावना के रिश्ते में दादा जगमाल सिंह ने कहा- हमारी बच्ची के साथ गलत हुआ है। हम न्याय चाहते हैं।
फिलीपींस से की थी MBBS
फिलीपींस से एमबीबीएस की पढ़ाई कर लौटी डॉक्टर भावना आगे की पढ़ाई घर पर रहकर ऑनलाइन कर रही थी। 21 अप्रैल को भावना यादव दिल्ली टेस्ट देने के लिए गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी।

जयपुर में दर्ज जीरो FIR हिसार नहीं पहुंची
डॉ. भावना की मां गायत्री ने जयपुर के SMS थाने में उदेश यादव के खिलाफ हत्या का शक जताते हुए शिकायत दी थी। जयपुर पुलिस का कहना था कि हिसार के सिविल लाइन थाना पुलिस को पूरा केस ट्रांसफर कर दिया है। मगर, हिसार पुलिस का कहना है कि अभी उनके पास जीरो FIR नहीं आई है। FIR आने के बाद ही जांच शुरू की जाएगी।
वॉट्सऐप पर बच्चे की फोटो लगाई
सोनी बर्न अस्पताल से उदेश के मिले दस्तावेजों से पुलिस ने उदेश यादव के बारे में जानकारी जुटाई है। हालांकि, पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रही है। अभी तक यह नहीं पता चला है कि आखिर घटना कहां घटी है, क्योंकि उदेश यादव ने भावना को यह कहकर अस्पताल में भर्ती करवाया था कि वह HAU में जल गई थी।

भावना की मौत के बाद से उदेश गायब
पुलिस को उदेश की कहानी झूठी लग रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उदेश के वॉट्सऐप पर एक बच्चे की फोटो लगी है। जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि वह शादीशुदा है। भावना की मौत के बाद से उदेश गायब है। उसका नंबर भी स्विच ऑफ आ रहा है। अभी यह सामने नहीं आया है कि उदेश और भावना एक-दूसरे को कैसे जानते थे।