जैसलमेर में नहरी विभाग की पाइपलाइन फटी:50 से ज्यादा घरों में भरा 5 फीट तक पानी, लोग बोले- अब ढहने का खतरा
जैसलमेर में नहरी विभाग की पाइपलाइन फटी:50 से ज्यादा घरों में भरा 5 फीट तक पानी, लोग बोले- अब ढहने का खतरा

जैसलमेर : जैसलमेर के रामदेवरा में पोकरण-फलसुंड-सिवाना पेयजल योजना की नहरी विभाग की पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन फटने से 50 से ज्यादा घरों में 5 फीट तक पानी भर गया। करीब 2 घंटे का समय हो गया और पानी अभी भी बह रहा है।
रामदेवरा के नाचना चौराहे के पास नेशनल हाईवे-11 (बीकानेर-बाड़मेर हाईवे) की पुलिया की सर्विस रोड पर यह पाइपलाइन दोपहर करीब 12 बजे फटी।

2 महीने से पाइप लाइन में लीकेज था रामदेवरा सरपंच समंदर सिंह ने बताया- पाइपलाइन में करीब 2 महीने से लीकेज था। इसके बारे में हमने पोकरण एसडीएम के साथ अन्य अधिकारियों को जानकारी दी थी। आज दोपहर बाद अचानक मुख्य पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन फटते ही तेजी से पानी निकलने लगा। जिसके बाद पानी निचले इलाके में स्थित नई बस्ती में चला गया।
गाड़ियां डूबीं बस्ती में करीब 250 घर है। जिनमें से 50 घरों में 5 फीट तक पानी भर चुका है। पानी की स्पीड इतनी तेज थी कि लोगों को अपना सामान हटाने का मौका भी नहीं मिला। लोगों का घरेलू और अन्य सामान पानी में डूब गया। बच्चे और बड़े तुरंत छतों पर चले गए। कई घरों के सामने खड़ी बाइक और कार भी पानी में डूब गईं।

बिजली का पोल हुआ तिरछा, सप्लाई बंद करवाई पानी के कटाव से एक बिजली का पोल तिरछा हो गया। जिसके बाद बिजली विभाग में फोन कर सप्लाई बंद करवाई गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कहा कि पेयजल विभाग की लापरवाही से हमारे घरों के ढहने का खतरा पैदा हो गया है। करीब 2 घंटे बाद भी पानी रुका नहीं है।

‘अधिकारियों की लापरवाही लोगों पर पड़ी भारी’ ग्रामीण मूलाराम कुमावत ने बताया- पाइपलाइन में लीकेज की शिकायत कई बार विभाग को की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आज पाइपलाइन फटने से पूरी बस्ती डूब गई। लोगों को बहुत नुकसान हुआ है। प्रशासन भी लोगों के नुकसान को देखकर गया है। अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा बस्ती के लोग भुगत रहे है। कई घरों में 4-5 फीट पानी भर गया है। बस्ती निवासी कीलाराम के घर में 50 क्विंटल गंवार रखी थी, वो भी पानी में डूब गई। जानवरों के लिए रखा चारा भी पानी में डूब गया है।
लोगों ने नहरी विभाग के अधिकारियों को घेरा स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले दो महीनों से इस स्थान पर पाइपलाइन में लीकेज की समस्या थी, लेकिन नहरी विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। अब कई घरों के ढहने का खतरा पैदा हो गया है। लोगों ने मौके पर पहुंचे नहरी विभाग के अधिकारियों को घेर लिया।
लोगों ने जलदाय विभाग को सूचना दी। जिसके बाद एक्सईएन समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ये पाइपलाइन नाचना से शुरू होकर बालोतरा के सिवाना तक जाती है। पाइप की चौड़ाई करीब 5 फीट है। एसडीएम परबजोत सिंह गिल ने विभाग को पानी की सप्लाई बंद करने के निर्देश दिए है। तहसीलदार विष्णु मोहन चारण, रामदेवरा थानाधिकारी शंकरलाल भी मौके पर मौजूद है।
जेसीबी की सहायता से पानी को बंद करने का किया जा रहा प्रयास
पंचायत समिति सांकड़ा बीडीओ नरपत सिंह ने कहा- सूचना पर पूरा प्रशासनिक जाब्ता मौके पर पहुंचा है। प्रशासन पानी को रोकने के लिए कोशिश कर रहा है। पानी को जेसीबी की सहायता से पानी को बंद करने के प्रयास किए जा रहे है। संबंधित विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई है, पानी को कही अन्यत्र निकालने के प्रयास भी किए जा रहे है।
पोकरण डिप्टी भवानी सिंह भी मौके पर पहुंचे और और यातायात को डायवर्ट कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पोकरण डिप्टी भवानी सिंह ने कहा कि इस घटना की सूचना पर मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पानी अधिक बहने के कारण बस्ती वासियों को परेशानी हुई है। प्रशासन पानी रोकने के प्रयास कर रहा है।