सवाईमाधोपुर के 261 वें स्थापना दिवस पर होगे कई कार्यक्रम:शोभायात्रा, रंगीलों राजस्थान, मैराथन जैसे कई कार्यक्रम आयोजित करेगा जिला प्रशासन
सवाईमाधोपुर के 261 वें स्थापना दिवस पर होगे कई कार्यक्रम:शोभायात्रा, रंगीलों राजस्थान, मैराथन जैसे कई कार्यक्रम आयोजित करेगा जिला प्रशासन

सवाई माधोपुर : जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से सवाई माधोपुर का 261 वां स्थापना दिवस पर 19 एवं 20 जनवरी को सवाई माधोपुर उत्सव मनाया जाएगा। जिसे लेकर पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पर्यटन स्वागत केन्द्र के सहायक निदेशक मधुसूदन सिंह ने बताया कि सवाई माधोपुर स्थापना दिवस पर जिला मुख्यालय पर 19 एवं 20 जनवरी को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 19 जनवरी को सुबह 9 बजे रणथम्भौर स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर में महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 बजे रामसिंहपुरा स्थित राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय में फोटो प्रदर्शनी का शुभारम्भ होगा। सुबह 11 बजे नगर परिषद परिसर सवाई माधोपुर में महाराजा सवाई माधोसिंह प्रथम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कार्यक्रम होगा। 19 जनवरी दोपहर 1 बजे काला-गौरा भैरू जी मन्दिर से मैन मार्केट दण्डवीर बालाजी होते हुए राजबाग ग्राउण्ड तक शोभायात्रा और विभिन्न बैण्ड प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं शाम 4 बजे राजबाग मैदान में रंगीलो राजस्थान (सांस्कृतिक कार्यक्रम) का आयोजन किया जाएगा।
इसी प्रकार 20 जनवरी, 2024 को सुबह 9 बजे दशहरा मैदान से सर्किट हाउस होते हुए आलनपुर चौराहा से दशहरा मैदान तक सवाई माधोपुर मैराथन का आयोजन होगा। वहीं सुबह 10 बजे रामसिंहपुरा स्थित राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय में फोटो प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे दशहरा मैदान में फुटबॉल मैत्री मैच का आयोजन किया जाएगा। शाम 4 बजे दशहरा मैदान में सवाई माधोपुर टेलेन्ट हन्ट सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
स्थापना दिवस पर आयोजित होगी मैराथन
जिला खेल अधिकारी मीनू सोलंकी ने बताया कि सवाई माधोपुर स्थापना दिवस पर 20 जनवरी सुबह 9 बजे दशहरा मैदान से पी.जी. कॉलेज, सर्किट हाउस, अहिंसा सर्किल, कृषि उपज मंडी, रणथम्भौर सर्किल होते हुए दशहरा मैदान सवाई माधोपुर तक रन फॉर सवाई माधोपुर दौड़ आयजित होगी। जिसमें भाग लेने के इच्छुक युवा https://forms.gle/7utYmp8RaK9X9oD69 लिंक के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि रन फॉर सवाई माधोपुर दौड़ में 21 वर्ष से कम एवं 21 वर्ष से अधिक आयु के महिला व पुरूषों की अलग-अलग टीम बनाई जाएगी। जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।