भाजपा के पूर्व जिलामंत्री ने जिलाध्यक्ष को ‘बकरी’ कहा:सीकर में डिप्टी सीएम दीया कुमारी के स्वागत में खड़े भाजपा नेता आपस में भिड़े
भाजपा के पूर्व जिलामंत्री ने जिलाध्यक्ष को 'बकरी' कहा:सीकर में डिप्टी सीएम दीया कुमारी के स्वागत में खड़े भाजपा नेता आपस में भिड़े

सीकर : सीकर में डिप्टी सीएम दीया कुमारी के स्वागत के लिए किसान सर्किल पर जुटे भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी आपस में भिड़ गए। श्रीगंगानगर जिले की करणपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र पालसिंह टीटी के चुनाव प्रचार के लिए गुरुवार को दीया कुमारी करणपुर जा रही थीं। कार्यकर्ताओं ने जब इस घटना की जानकारी दी तो डिप्टी सीएम ने कहा कि इस मामले में जयपुर आकर बात करें। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष पवन मोदी सहित कई भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंचे हुए थे।
दो दिन पहले पार्टी से निष्कासित करने से नाराज भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष शिव भगवान बगड़िया व जिलामंत्री भगवान सिंह घाणा ने स्वागत कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष पवन मोदी को खूब खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान भाजपा नेताओं के समर्थकों में धक्का-मुक्की भी हुई। पूर्व जिलामंत्री घाणा ने जिलाध्यक्ष पवन मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिलाध्यक्ष ने अपने गुनाहों को छिपाने के लिए हम लोगों को पार्टी से निष्कासित किया। भगवान सिंह ने जिलाध्यक्ष को बकरी कहा और गालियां निकाली।

जिलाध्यक्ष ने खुद भाजपा को वोट नहीं दिया
घाणा ने कहा कि जिलाध्यक्ष का सीकर विधानसभा में वोट है, लेकिन इन्होंने खुद का वोट पार्टी को नहीं डाला। जो पार्टी का जिलाध्यक्ष है और अपनी पार्टी को वोट नहीं डालता वह किस प्रकार का कार्यकर्ता है, किस प्रकार का लोकतंत्र है यह। पवन मोदी ने एक भी दिन भाजपा प्रत्याशी रतन जलधारी के साथ प्रचार नहीं किया।
उन्होंने कहा कि पवन मोदी ने आठ विधानसभाओं में से एक में भी जाकर प्रचार नहीं किया ये सिर्फ लक्ष्मणगढ़ में सुभाष महरिया के पास जाकर बैठते थे। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को निपटाने का काम कर रहे हैं।

पूर्व जिलामंत्री ने कहा कि मुझे पार्टी से इसलिए निष्कासित कर दिया गया कि मैंने रतन जलधारी का साथ दिया। कुछ लोगों का मेरे पर दबाव था कि आप भाजपा प्रत्याशी रतन जलधारी को चुनाव हराओ, लेकिन मैंने मना कर दिया था। मैंने कहा था कि मैं रतन जलधारी के साथ हूं, पार्टी के साथ हूं। घाणा ने कहा कि हमें अनुशासन समिति द्वारा कोई भी नोटिस नहीं मिला ना सूचना दी गई और न ही हमसे कोई जवाब मांगा गया।
घर की पार्टी सम रहे हैं
किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिव भगवान बगड़िया ने कहा कि सुभाष महरिया और पवन मोदी भाजपा को अपने घर की पार्टी समझ रहे हैं। पवन मोदी के जिलाध्यक्ष बनने के बाद पार्टी ने हमें जितने आदेश दिए हैं उनकी पालना हुई है और उनसे ज्यादा हमने काम किया है। पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को पता है कि पवन मोदी ने झाबर सिंह खर्रा, गजानंद कुमावत, गोवर्धन वर्मा के साथ क्या किया है।

प्रदेशाध्यक्ष ने निष्कासित किया है
वहीं इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष पवन मोदी ने कहा कि जिन लोगों ने पार्टी के खिलाफ काम किया था उनको प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है। हालांकि पवन मोदी ने इस मामले को लेकर मीडिया से ज्यादा बातचीत नहीं की।