सरकारी नौकरी के नाम 2 लाख की ठगी:भारतीय खाद्य निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर रुपए हड़पे, पीड़ित ने कराया मामला दर्ज
सरकारी नौकरी के नाम 2 लाख की ठगी:भारतीय खाद्य निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर रुपए हड़पे, पीड़ित ने कराया मामला दर्ज

बबाई : बबाई थाना क्षेत्र के कांकरिया गांव में एक युवक को भारतीय खाद्य निगम में नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख रुपए हड़प लेने का मामला सामने आया है। जिसके बाद पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज करवाया गया है।
थानाधिकारी सरदारमल यादव ने बताया कि कांकरिया निवासी मुकुंदाराम सैनी ने रिपोर्ट दी कि गोकुल का बास खंडेला निवासी गोकुल सिंह पुत्र चौथुराम जाट इलेक्ट्रॉनिक्स कांटे सप्लाई करने का काम करता था। उसकी नीमकाथाना में दुकान होने पर वह उसके पास आता रहता था। इसके बाद 25 अक्टूबर 2022 को आरोपी गोकुल सिंह उसके घर आया ओर उसके बेटे को भारतीय खाद्य निगम में नौकरी लगवा देने की बात कही। इस दौरान आरोपी ने उससे तीन लाख रुपए देने की बात कही। जिससे पीड़ित उसकी बातों में आ गया। इसके बाद 6 नवंबर 2022 को आरोपी उसके घर कांकरिया आया ओर नौकरी के लिए उसके बेटे के कागजात ओर दो लाख रुपए देने के लिए कहा। इस दौरान उसने अपने बेटे के कागजात व 1 लाख 25 हजार रुपए उसी दिन दे दिए तथा 75 हजार रुपए बैंक खाते से उसके खाते में डलवा दिए।
आरोपी ने रूपए लेने के बाद आठ महीने तक उसको कोई जवाब नहीं दिया तो पीड़ित ने उससे बात की तो उसने मना कर दिया और रूपए हड़प लिए। इसके बाद परिवादी गांव के कुछ व्यक्तियों को अपने साथ लेकर उसके घर गया तो पता चला की आरोपी गोकुल सिंह ने पहले भी कुछ लोगों से नौकरी लगाने के नाम पर रूपए हड़पे हुए है तथा वह अब यहां नहीं है।
जिसके बाद पीड़ित ने शनिवार को बबाई थाने में आरोपी के खिलाफ दो लाख रुपए हड़प लेने का मामला दर्ज करवाया है। थानाधिकारी ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।