नौकरी का झांसा देकर रूस भेजा, युद्ध में झोंकने का आरोप; खेतड़ी के संजय ने लगाई वतन वापसी की गुहार
तीन लाख रुपए लेकर पर्यटक वीजा पर रूस भेजने का आरोप, युद्ध क्षेत्र से वीडियो भेजकर मांगी मदद; तीन बहनों का इकलौता भाई है संजय, मां कैंसर से पीड़ित
खेतड़ी : विदेश में नौकरी कर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने का सपना लेकर रूस गया खेतड़ी क्षेत्र का एक युवक अब अपनी सुरक्षित वतन वापसी के लिए भारत सरकार से मदद मांग रहा है। गाडराटा ग्राम पंचायत के डोगर बावड़ी निवासी संजय सैनी को नौकरी का झांसा देकर रूस भेजने और वहां रूस-यूक्रेन युद्ध में झोंकने का आरोप सामने आया है। संजय ने युद्ध क्षेत्र से वीडियो भेजकर भारत सरकार से उसे सुरक्षित स्वदेश बुलाने की गुहार लगाई है।
तीन लाख रुपए लेकर भेजा था रूस
संजय के पिता रामलाल सैनी ने आरोप लगाया कि बबाई निवासी लखन नायक और दिल्ली निवासी अविनाश राणा ने रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे तीन लाख रुपए लिए थे। इसके बाद 6 अगस्त 2026 को संजय को पर्यटक वीजा पर मॉस्को भेज दिया गया। आरोप है कि वहां उसे रूसी सेना के हवाले कर दिया गया और सैन्य प्रशिक्षण के बाद युद्ध क्षेत्र में भेज दिया गया।
परिजनों का दावा है कि संजय घायल अवस्था में युद्ध क्षेत्र में फंसा हुआ है और उसे उपचार भी नहीं मिल पा रहा है। संजय की ओर से भेजे गए वीडियो के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई है।
तीन बहनों का इकलौता भाई, मां लड़ रही कैंसर से जंग
संजय के पिता रामलाल सैनी बबाई बस स्टैंड पर ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। संजय तीन बहनों का इकलौता भाई है, जबकि उसकी मां संतोष देवी कैंसर से पीड़ित हैं। एक ओर मां गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं, वहीं दूसरी ओर बेटे के युद्ध क्षेत्र में फंसे होने की खबर से पूरा परिवार परेशान है। परिजन अब उसकी सुरक्षित वतन वापसी के लिए सरकार से मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
दो एजेंटों के खिलाफ पुलिस में दी शिकायत, मुख्यमंत्री से मांगी मदद
संजय के पिता रामलाल सैनी ने बुधवार को बबाई थाने में दोनों एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी और मानव तस्करी का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दी है। उन्होंने जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं विदेश मंत्री के माध्यम से मामले में हस्तक्षेप करवाने और बेटे की सुरक्षित वतन वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2571830