टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान की समीक्षा करने झुंझुनूं पहुंचे स्टेट नोडल अधिकारी
डॉ. एसएन धौलपुरिया ने टीबी उन्मूलन के लक्ष्य समयबद्ध पूरे करने के दिए निर्देश, संभावित मरीजों की जांच और रोगियों के डिजिटल रिकॉर्ड पर दिया जोर
झुंझुनूं : टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान और राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में चल रही गतिविधियों की समीक्षा करने के लिए स्टेट नोडल अधिकारी डॉ. एसएन धौलपुरिया झुंझुनूं पहुंचे। उन्होंने जिला क्षय निवारण केंद्र में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों के साथ अभियान की प्रगति पर चर्चा की और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. धौलपुरिया ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ गंभीरता से काम करें। अभियान के निर्धारित बिंदुओं और मापदंडों के अनुसार गतिविधियां संचालित करने के साथ उनकी नियमित निगरानी और प्रगति की समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संभावित टीबी मरीजों का शत-प्रतिशत एक्स-रे करवाने, चिन्हित मरीजों की विशेष देखभाल से जुड़ी गतिविधियां पूरी करने तथा टीबी रोगियों के संपर्क में रहने वाले परिजनों और पात्र व्यक्तियों को बचाव उपचार उपलब्ध करवाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों की पहचान से लेकर उपचार, देखभाल और रोकथाम तक सभी गतिविधियां तय मानकों के अनुसार समय पर पूरी होनी चाहिए।
स्टेट नोडल अधिकारी ने सभी टीबी मरीजों की शत-प्रतिशत आभा आईडी बनाने, चेहरे की पहचान के माध्यम से प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करने और नियमानुसार सीधे लाभ हस्तांतरण के तहत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों की लोकेशन अपडेट करने और पोर्टल पर उनका विवरण नियमित रूप से अद्यतन रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल रिकॉर्ड और समय पर भुगतान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विजय सिंह ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि लंबित सीधे लाभ हस्तांतरण की प्रक्रिया आगामी तीन दिन में पूरी कर रिपोर्ट भेजें। जिन मरीजों की आभा आईडी नहीं बनी है, उनकी आईडी आगामी सात दिन में अनिवार्य रूप से बनवाई जाए। उन्होंने सभी खंड और मैदानी स्तर के कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कार्यरत जिले का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2548704


