झुंझुनूं में 20 नवंबर को होगी पंचायतीराज चुनाव की मतगणना, सुबह 8 बजे से शुरू होगी प्रक्रिया
सेठ मोतीलाल पीजी कॉलेज में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतों की होगी गिनती, 14 पंचायत समितियों के लिए बनाए 14 कक्ष; गुढ़ागौड़जी और खेतड़ी में सबसे ज्यादा 12-12 टेबल लगेंगी
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद आरिफ चंदेल
झुंझुनूं : पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालय स्थित सेठ मोतीलाल पीजी कॉलेज में सुबह 8 बजे से शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतगणना स्थल पर 14 पंचायत समितियों के लिए अलग-अलग कक्ष और टेबल निर्धारित की गई हैं।
एक ही कंट्रोल यूनिट से दोनों पदों के मतों की गिनती
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की मल्टी पोस्ट मल्टी वोट मशीनों से करवाए गए हैं। इनमें दोनों पदों के लिए एक ही कंट्रोल यूनिट का उपयोग किया गया है। इसलिए दोनों पदों की मतगणना एक ही कक्ष में संयुक्त रूप से होगी।
कंट्रोल यूनिट का पावर स्विच चालू करने के बाद परिणाम बटन दबाया जाएगा। मशीन की स्क्रीन पर पहले जिला परिषद सदस्य और उसके बाद पंचायत समिति सदस्य पद का परिणाम प्रदर्शित होगा। दोनों पदों के मतों का विवरण निर्धारित प्रपत्रों में दर्ज किया जाएगा।
14 पंचायत समितियों के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष
मतगणना के लिए पंचायत समितिवार टेबलों की व्यवस्था की गई है। झुंझुनूं और चिड़ावा में 10-10, पिलानी और सूरजगढ़ में 8-8, बुहाना में 9, सिंघाना में 8, नवलगढ़ में 10, गोठड़ा में 10 और उदयपुरवाटी में 10 टेबल लगाई जाएंगी। इसी तरह गुढ़ागौड़जी और खेतड़ी में 12-12, बबाई में 9, अलसीसर में 10 और मंडावा में 10 टेबल निर्धारित की गई हैं। इनमें गुढ़ागौड़जी और खेतड़ी में सर्वाधिक टेबल होंगी।
प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक और दो गणना सहायक नियुक्त किए गए हैं। ईवीएम की कंट्रोल यूनिट टेबल के बीच में रखी जाएगी। अभ्यर्थियों और उनके अधिकृत निर्वाचन अभिकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था भी की गई है।
प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित
मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए अलग-अलग द्वार तय किए गए हैं। अभ्यर्थियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को गेट संख्या 3 से प्रवेश मिलेगा। मतगणना कार्मिकों और मीडिया कर्मियों के लिए गेट संख्या 2 तथा रिटर्निंग अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के लिए गेट संख्या 1 निर्धारित किया गया है।
मतगणना कक्ष में केवल निर्वाचन आयोग से अधिकृत व्यक्तियों, निर्वाचन अधिकारियों, अभ्यर्थियों और उनके अधिकृत अभिकर्ताओं को प्रवेश मिलेगा। प्रवेश से पहले धातु जांच यंत्र से जांच की जाएगी। परिसर में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थ ले जाने पर भी रोक रहेगी।
मतदान की गोपनीयता भंग करने पर हो सकती है सजा
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और अभिकर्ताओं को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 128 के तहत मतदान की गोपनीयता बनाए रखना अनिवार्य होगा। इसका उल्लंघन करने पर तीन माह तक का कारावास, जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है। सभी संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2546119

