4 नवंबर तक चलेगा युवा मतदाता पंजीकरण अभियान, 17 वर्ष के युवाओं को भी मिलेगा अग्रिम पंजीकरण का मौका
चूरू जिले के स्कूल-कॉलेजों में लगेंगे विशेष शिविर, 30 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 से शाम 6 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : जिले में युवा मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए 4 नवंबर तक सात दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा के निर्देशन में जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्वीप नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्वेता कोचर ने बताया कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा भी प्रारूप-6 भरकर अग्रिम पंजीकरण करवा सकते हैं।
अलग-अलग दिन होंगे विशेष शिविर
अभियान के तहत शुक्रवार, 30 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनमें बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहकर युवाओं के आवेदन भरवाएंगे। शनिवार, 31 अक्टूबर को जिले के सभी सरकारी और निजी उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित होंगे। यहां विद्यालयों के निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) प्रभारी और बीएलओ पात्र विद्यार्थियों से प्रारूप-6 भरवाएंगे।
रविवार, 1 नवंबर को छात्रावासों और पेइंग गेस्ट आवासों में बीएलओ दल वार्डन के सहयोग से युवाओं से संपर्क कर आवेदन एकत्र करेंगे। सोमवार, 2 नवंबर को सामान्य, कृषि, तकनीकी, पॉलिटेक्निक, चिकित्सा, नर्सिंग और बीएड महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में विशेष सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यहां पात्र विद्यार्थियों के ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन लिए जाएंगे। बुधवार, 4 नवंबर को शिविरों में अनुपस्थित रहे विद्यार्थियों के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक शिक्षण संस्थान से कोई भी पात्र विद्यार्थी पंजीकरण से वंचित नहीं रहने का प्रमाण-पत्र लेकर अभियान का लक्ष्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
घर बैठे भी भर सकते हैं आवेदन
श्वेता कोचर ने बताया कि युवा भारत निर्वाचन आयोग के ईसीआई नेट मोबाइल अनुप्रयोग के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन प्रारूप-6 भर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन के लिए बीएलओ और शिक्षण संस्थानों के निर्वाचन साक्षरता क्लब के सहायता केंद्रों से मदद ली जा सकती है।
आवेदन के साथ इन बातों का रखें ध्यान
आवेदन के लिए आयु और पहचान प्रमाण के रूप में दसवीं कक्षा की अंकतालिका या प्रमाण-पत्र, जन्म प्रमाण-पत्र अथवा अन्य मान्य दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सकते हैं। आवेदन के साथ स्पष्ट और निर्धारित गुणवत्ता वाला पासपोर्ट आकार का फोटो अपलोड या संलग्न करना होगा।
आवेदकों को परिवार के निवास स्थान, मकान संख्या और भाग संख्या का सही विवरण देना चाहिए, ताकि परिवार के सदस्यों का मतदान केंद्र समान रहे। विशेष योग्यजन विद्यार्थियों को प्रारूप-6 में अपनी दिव्यांगता की श्रेणी दर्ज करनी चाहिए, जिससे मतदान के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
पहले से मतदाता सूची में पंजीकृत युवा दोबारा नया पंजीकरण नहीं करवाएं। यदि पते में बदलाव या अन्य संशोधन करवाना है, तो इसके लिए प्रारूप-8 का उपयोग करें।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2490616
