छह पंचायत समितियों के मतदान दल रवाना, आज 7.96 लाख मतदाता करेंगे मतदान
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा मतदान, 816 मतदान केंद्र निर्धारित
सीकर : पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को सीकर जिले की छह पंचायत समितियों के मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देने और मतदान सामग्री उपलब्ध करवाने के बाद निर्धारित रवानगी स्थलों से मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। खंडेला, श्रीमाधोपुर, अजीतगढ़, नीमकाथाना, पाटन और पिपराली पंचायत समितियों के मतदान दल देर शाम तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार और अतिरिक्त जिला कलेक्टर, नीमकाथाना भागीरथ साख ने छह पंचायत समितियों में मतदान दलों के प्रशिक्षण एवं रवानगी स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान कार्मिकों को निर्वाचन नियमों की पालना करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान करवाने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान सामग्री और अन्य व्यवस्थाओं की जांच करने तथा मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद दोबारा सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इस दौरान संबंधित पंचायत समितियों के निर्वाचन अधिकारी, तहसीलदार और विकास अधिकारी मौजूद रहे।
सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा मतदान
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि बुधवार, 28 अक्टूबर को छह पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीन (ईवीएम) से करवाए जाएंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। इसके बाद 30 अक्टूबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतपत्र के माध्यम से मतदान करवाया जाएगा।

छह पंचायत समितियों में 7,96,366 मतदाता
द्वितीय चरण में जिले की छह पंचायत समितियों में कुल 7 लाख 96 हजार 366 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनके लिए कुल 816 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
नीमकाथाना: पंचायत समिति क्षेत्र में 39 ग्राम पंचायतें, 27 पंचायत समिति वार्ड और 447 ग्राम पंचायत वार्ड हैं। यहां 161 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 1,53,712 मतदाताओं में 81,592 पुरुष और 72,120 महिला मतदाता हैं।
पाटन: यहां 26 ग्राम पंचायतें, 19 पंचायत समिति वार्ड और 288 ग्राम पंचायत वार्ड हैं। कुल 94 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। क्षेत्र में 93,582 मतदाता हैं, जिनमें 49,802 पुरुष, 43,777 महिला और 3 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
श्रीमाधोपुर: पंचायत समिति क्षेत्र में 28 ग्राम पंचायतें, 23 पंचायत समिति वार्ड और 346 ग्राम पंचायत वार्ड हैं। यहां 132 मुख्य और 3 सहायक मतदान केंद्रों सहित कुल 135 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 1,32,524 मतदाताओं में 68,929 पुरुष, 63,594 महिला और एक तृतीय लिंग का मतदाता है।
अजीतगढ़: यहां 20 ग्राम पंचायतें, 17 पंचायत समिति वार्ड और 260 ग्राम पंचायत वार्ड हैं। कुल 94 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 93 मुख्य और एक सहायक मतदान केंद्र शामिल है। क्षेत्र में 94,895 मतदाता हैं, जिनमें 49,891 पुरुष और 45,004 महिला मतदाता शामिल हैं।
खंडेला: पंचायत समिति क्षेत्र में 52 ग्राम पंचायतें, 37 पंचायत समिति वार्ड और 620 ग्राम पंचायत वार्ड हैं। यहां 227 मुख्य और एक सहायक मतदान केंद्र सहित कुल 228 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 2,24,942 मतदाताओं में 1,17,094 पुरुष और 1,07,848 महिला मतदाता हैं।
पिपराली: यहां 27 ग्राम पंचायतें, 17 पंचायत समिति वार्ड और 277 ग्राम पंचायत वार्ड हैं। कुल 104 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 96 मुख्य और 8 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं। क्षेत्र में 96,711 मतदाता हैं, जिनमें 50,219 पुरुष, 46,491 महिला और एक तृतीय लिंग का मतदाता शामिल है।
जिला निर्वाचन प्रशासन ने मतदान दलों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया शुरू करवाने और निर्वाचन नियमों की पूर्ण पालना करने के निर्देश दिए हैं।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2486001

