[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

गाँव की चौपाल से शहर के मोहल्लों तक गूँजेगी उपभोक्ता अधिकारों की आवाज


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

गाँव की चौपाल से शहर के मोहल्लों तक गूँजेगी उपभोक्ता अधिकारों की आवाज

मनोज कुमार मील की पहल पर 101 दिवसीय ‘कंज्यूमर्स वॉयस न्यायोत्सव-2’ शुरू, 5 फरवरी 2027 तक चलेगा जागरूकता अभियान

झुंझुनूं : उपभोक्ता अधिकारों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने मंगलवार को 101 दिवसीय ‘कंज्यूमर्स वॉयस न्यायोत्सव-2’ अभियान की शुरुआत की। अभियान 5 फरवरी 2027 तक चलेगा। इसके तहत गाँव की चौपालों से लेकर शहरों के मोहल्लों तक उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम की जानकारी पहुँचाई जाएगी और लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

अभियान के पहले चरण में हर खरीद पर बिल लेने के लिए 2 लाख 50 हजार 768 उपभोक्ताओं ने शपथ ली थी। पिछले वर्ष यह अभियान 30 दिन चला था, जबकि इस बार इसकी अवधि बढ़ाकर 101 दिन की गई है। जिला आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने बताया कि अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना, अनुचित व्यापारिक व्यवहार के प्रति सजग करना और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना है।

चौपालों और मोहल्लों में लगाए जाएंगे जागरूकता संदेश

अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत की चौपाल और नगरपालिका व नगर परिषद के वार्डों के प्रमुख चौक-चौराहों पर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत प्राप्त अधिकारों की जानकारी देने वाले सूचना-पट्ट लगाए जाएंगे। इससे नागरिक अपने अधिकारों को समझ सकेंगे और जरूरत पड़ने पर कानूनी उपायों का सहारा ले सकेंगे।

विद्यार्थियों के लिए प्रदर्शनी और प्रतियोगिताएं

विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए जन-जागरूकता प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों, जागरूक खरीदारी, सही जानकारी और कानूनी संरक्षण के बारे में समझाया जाएगा।

खेल और साहित्यिक कार्यक्रमों से जोड़ेंगे आमजन

अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए प्रशासन और पत्रकारों के सहयोग से खेल एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से उपभोक्ता जागरूकता का संदेश जनसंवाद और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए लोगों तक पहुँचाया जाएगा।

अवकाश के दिनों में भी होंगे कार्यक्रम

101 दिवसीय न्यायोत्सव के तहत अवकाश के दिनों में तहसील और उपखंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील स्वयं उपस्थित रहेंगे। इसका उद्देश्य स्थानीय नागरिकों तक उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी पहुँचाना और उन्हें अभियान से जोड़ना है।

अधिवक्ताओं और सरकारी कर्मचारियों को भी करेंगे जागरूक

उपभोक्ता न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ताओं से संवाद किया जाएगा और नए अधिवक्ताओं को उपभोक्ता कानून के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सरकारी कर्मचारियों के बीच भी उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम की जानकारी पहुँचाने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।

जागरूक उपभोक्ता ही अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है

‘कंज्यूमर्स वॉयस न्यायोत्सव-2’ का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों की जानकारी देना, खरीदारी के समय सतर्क रहने और अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में उपलब्ध कानूनी उपायों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करना है। अभियान की सफलता इस बात से तय होगी कि कितने लोग उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक होते हैं और जरूरत पड़ने पर उनका प्रभावी उपयोग करते हैं।

Related Articles

Mantratoto luwakpoker aladin66 tupaiwin rupiah89 kios77